Weather

रातें हुई ठंडी, दिन में नूंह सबसे गर्म, अधिकतम तापमान 33.2°C; 24 अक्टूबर को बूंदाबांदी के आसार

रातें हुई ठंडी, दिन में नूंह सबसे गर्म, अधिकतम तापमान 33.2°C; 24 अक्टूबर को बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.4°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रात के समय गुरुग्राम और यमुनानगर में सबसे कम 14.8°C तापमान दर्ज किया गया, जिससे ये राज्य में सबसे ठंडे स्थान रहे।

वहीं दिन के समय प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा। नूंह 33.2°C तापमान के साथ दिन में राज्य का सबसे गर्म इलाका दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 23 अक्टूबर तक पूरे हरियाणा में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।

हालांकि, 24 अक्टूबर को पश्चिमी हरियाणा के 3 प्रमुख जिलों सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बाकी हरियाणा में मौसम साफ़ रहने का ही अनुमान है।

5 शहरों में 16 डिग्री से नीचे तापमान

वहीं रात में लगातार मौसम में बदलाव दिख रहा है। हरियाणा के गुरुग्राम में रात का पारा 14.8°C, यमुनानगर में 14.8°C, करनाल में 15.4°C, महेंद्रगढ़ में 15.5°C और सोनीपत में 15.6°C दर्ज किया गया है। वहीं औसतन अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं हुआ और यह सामान्य बना रहा।

महेंद्रगढ़ में दिन का पारा 33.0°C और हिसार में 32.9°C अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, सबसे कम अधिकतम तापमान सोनीपत में 28.8°C और पंचकूला में 29.3°C दर्ज किया गया।

एक्सपर्ट बोले- 22 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने से 22 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं।

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

Share