राजस्थान में सर्दी का इस सीजन का पहला बड़ा अटैक, 27 नवंबर से शीतलहर की दस्तक, फतेहपुर सबसे ठंडा
राजस्थान में नवंबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश में इस सीजन का सर्दी का पहला बड़ा अटैक होने जा रहा है और 27 नवंबर से राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की दस्तक होने की संभावना है.
एक तरफ जहां उत्तरी और शेखावाटी के इलाकों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है, वहीं पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय अभी भी हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है.
27 नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक राजस्थान के तीन प्रमुख संभागों में शीतलहर चलने का अलर्ट है. इस दौरान शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के जिलों में सर्द हवाएं चलेंगी, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ जाएगी. उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से इन तीनों संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे सर्दी का असर और अधिक महसूस हो रहा है.
फतेहपुर सबसे ठंडा और बाड़मेर रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के दोहरे रंग देखने को मिले. सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं, इसके विपरीत पश्चिमी राजस्थान का बाड़मेर जिला प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो जैसलमेर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, जोधपुर में 30.5 डिग्री, जयपुर में 27.7 डिग्री और अजमेर में 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शेखावाटी में 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है पारा
आगामी दिनों में ठंड के और बढ़ने के आसार हैं. शीतलहर के प्रभाव से शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. वहीं, अजमेर और कोटा संभाग के इलाकों में रात का पारा 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हालांकि, इन तीन संभागों को छोड़कर प्रदेश के अन्य अधिकांश हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही दर्ज किया जा रहा है.
अगले 10 दिन शुष्क रहेगा मौसम, बारिश के आसार नहीं
राहत की बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल मावठ या बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले 10 दिनों तक राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है. इस अवधि के दौरान दिन और रात के तापमान में किसी बड़े या विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 27 से 30 नवंबर के बीच चलने वाली शीतलहर को देखते हुए आमजन को सुबह और शाम के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Comments
Leave a Comment