Bhai Dooj 2026: भाई दूज कल, तिलक करने के लिए मिलेंगे सिर्फ 2 घंटे
Bhai Dooj 2026 Tilak Muhurat: पंचांग के अनुसार, भाई दूज का त्योहार हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है. साल 2026 में भाई दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा.
इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं. वहीं, भाई अपनी बहनों की रक्षा और सुख का संकल्प लेते हैं. अगर आप भी भाई दूज की तैयारी कर रहे हैं, तो द्वितीया तिथि और तिलक लगाने का शुभ समय जरूर जान लें. क्योंकि इस बार तिलक के लिए 2 घंटे 10 मिनट का समय मिलने वाला है.
भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन तिलक लगाने के लिए शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व माना जाता है. पंचांग के अनुसार, इस साल भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 01 बजकर 10 मिनट से लेकर 03 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. यानी बहनों को भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का समय मिलेगा. ऐसे में भाई-बहन इस शुभ समय को ध्यान में रखकर अपनी पूजा और तिलक की तैयारी कर सकते हैं.
भाई दूज 2026 की द्वितीया तिथि कब से कब तक?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत 10 नवंबर 2026 को दोपहर 02 बजे से होगी. वहीं, इस तिथि का समापन 11 नवंबर 2026 को दोपहर 03 बजकर 53 मिनट पर होगा. उदया तिथि और पर्व की परंपरा के अनुसार भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी.
भाई दूज पर कैसे करें भाई को तिलक?
भाई दूज के दिन बहनें स्नान आदि से निवृत्त होकर पूजा की तैयारी करती हैं. इसके बाद शुभ समय में भाई को आसन पर बैठाकर उनके माथे पर तिलक लगाती हैं. फिर आरती उतारकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं. कई जगहों पर इस दिन बहन के घर भोजन करने की भी परंपरा है. भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज पर बहन के हाथों तिलक करवाना भाई के लिए शुभ माना जाता है. इसलिए इस दिन बहनें पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ यह रस्म निभाती हैं.


