Vice President CP Radhakrishnan: 11 नवंबर को तमिलनाडु जाएंगे उपराष्ट्रपति, अपने पुराने कॉलेज के कार्यक्रम में होंगे शामिल
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार, 11 नवंबर को तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक के स्थापना दिवस समारोह और अपने पुराने कॉलेज में आयोजित पूर्व छात्र मिलन समारोह में शामिल होंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, उपराष्ट्रपति थूथुकुडी में तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक के 105वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, वे अपने पूर्व कॉलेज वीओ चिदंबरम कॉलेज की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर आयोजित एलुमनाई मीट में भी शामिल होंगे।
पहले भी कर चुके हैं तमिलनाडु का दौरा
उपराष्ट्रपति का यह दौरा 30 अक्टूबर को तमिलनाडु में हुए उनके पिछले कार्यक्रमों के कुछ समय बाद हो रहा है। उस दौरान उन्होंने रामनाथपुरम जिले के पासुमपोन में मुथुरामलिंगा थेवर जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
इसके साथ ही उन्होंने डिंडीगुल स्थित गांधीग्राम रूरल इंस्टीट्यूट के स्वर्ण जयंती समारोह और 39वें दीक्षांत समारोह में भी भाग लिया था।
गुजराती नव वर्ष और गोवर्धन पूजा की दी शुभकामनाएं
इस बीच, मंगलवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुजराती नव वर्ष के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में उन्होंने सभी के लिए सुख, अच्छा स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नया साल लोगों के जीवन में नई उम्मीदें और नई शुरुआत लेकर आए।
उपराष्ट्रपति ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भी देशवासियों को बधाई दी और भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में खुशहाली, शांति और सकारात्मकता बनाए रखने की कामना की।
गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन के लोगों को भारी बारिश से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था। इसी घटना की याद में यह पर्व मनाया जाता है।


