ब्रेकिंग
हरियाणा

हरियाणाः BJP के पूर्व मंत्री कुलदीप बिश्नोई का नए घर में गृह प्रवेश, रणजीत चौटाला ने ‘बुर्ज खलीफा’ से की तुलना

हरियाणाः BJP के पूर्व मंत्री कुलदीप बिश्नोई का नए घर में गृह प्रवेश, रणजीत चौटाला ने ‘बुर्ज खलीफा’ से की तुलना

मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की ऐतिहासिक कर्मभूमि हिसार के आदमपुर मंडी में उनके बेटे और पूर्व मंत्री कुलदीप बिश्नोई ने अपना नया घर बनाया है और इसमें बुधवार को गृह प्रवेश किया गया है.

राजस्थान में राजा महाराजाओं की हेवली की शैली की तर्ज पर यह घर बनाया गया है. इस घर को बनाने में करोड़ों रुपये की लागत आई है. हालांकि, सही मायने में कितना पैसा खर्च आया है, इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है.वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नवनिर्मित राजस्थानी शैली के महलनुमा आवास का गृह प्रवेश समारोह बुधवार को आयोजित किया जा रहा है. यह स्थान केवल एक आवास नहीं, बल्कि दशकों से भजनलाल परिवार का जनसेवा केंद्र रहा है. इस ऐतिहासिक अवसर पर हिसार जिले सहित देशभर से लगभग 50 हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है. कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं और जनता का प्यार उन्हें मिल रहा है. उनके दादा ने जनता का विकास किया.पीले टेंट ने ताजा की हजकां दौर की पुरानी यादेंसमारोह के लिए अनाज मंडी के सेड में लगाए गए पीले रंग के टेंट ने राजनीतिक गलियारों और समर्थकों में पुरानी यादें ताजा कर दी हैं. पीला रंग कभी हरियाणा जनहित कांग्रेस हजकां के दौर में पार्टी का मुख्य प्रतीक व पहचान हुआ करता था. गृह प्रवेश समारोह में पीले रंग की सजावट को देखकर पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. राजनीतिक पंडित यह कयास लगा रहे हैं कि भाजपा से अलग राह पकड़ चूके कुलदीप बिश्नोई कही दोबारा अपनी हजकां पार्टी तो खड़ी नहीं कर रहे हैं. उसी को लेकर आदमपुर मे शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है.

दिग्गज नेताओं का जमावड़ा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता होंगी शामिल

धार्मिक बिश्नोई रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बुधवार सुबह हवन-यज्ञ चल रहा है. इस भव्य समारोह में प्रदेशभर से प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हस्तियों का जमावड़ा लगेगा. आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोग शिरकत करेंगे. इसमें मुख्य रूप से भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक व गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे.

  • बिश्नोई संस्कृति के खाने का स्वाद, 20 मण, 50 टीन देसी घी का हलवा
  • 50 हजार लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए खान-पान की व्यापक और शाही व्यवस्था
  • भोजन में बिश्नोई संस्कृति की झलक के साथ-साथ शुद्ध देसी घी के व्यंजनों की भरमार रहेगी:
  • मेहमानों के लिए 50 टीन लगभग 20 मण शुद्ध देसी घी से हलवा तैयार करवाया गया है.
  • बिश्नोई रीति-रिवाज से विशेष रूप से तैयार कढ़ी-चूरमा मुख्य आकर्षण रहेगा.
  • शाही थाली में शाही पनीर, सरसों का साग और दाल मखनी परोसी जाएगी.
  • मिष्ठान में शुद्ध देसी घी से बनी गर्मागर्म जलेबी और लड्डू तैयार किए गए हैं.

कुलदीप बिश्नोई ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि इस चौखट पर पिताजी चौधरी भजनलाल जी ने आपसे जो रिश्ता जोड़ा था, उसे निभाना मेरे और भव्य के जीवन का सबसे बड़ा संकल्प है. आपका विश्वास हर संघर्ष में मेरी ताक़त बना है और आपका स्नेह इस परिवार की सबसे बड़ी पूँजी है. 11 नवंबर को आदमपुर में गृह प्रवेश के अवसर पर आप सबकी राह देखूँगा. आइए, आशीर्वाद दीजिए कि इस घर से जनसेवा की वह परंपरा उसी समर्पण से आगे बढ़ती रहे. जिस अपनेपन से आप पिताजी के पास आते थे, उसी हक़ से मेरे पास आइए. यह घर आपका.

धार्मिक बिश्नोई रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बुधवार सुबह हवन-यज्ञ चल रहा है.

पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कसा तंज

पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई क्या बनाएं, अपना उनका घर है और भजन लाल बड़े आदमी थे और बड़ा मकान बनाया है. बुर्ज खलीफा जैसी बड़ी बिल्डिंग है और पैसे वाले आदमी हैं. कुछ भी बना सकते हैं.

मान के ‘ताले’ का मिला करारा जवाब

आदमपुर मंडी स्थित दुकान नंबर 106 और 107 चौधरी भजनलाल के समय से ही क्षेत्र के लोगों का मुख्य ठिकाना रही है. स्व. भजनलाल इसी स्थान पर बैठकर आमजन की समस्याएं सुनते थे और दूर-दराज से आने वाले हर व्यक्ति से सीधा संवाद रखते थे. बीते उप-चुनाव के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने भाषण में इस दुकान पर ताला लगाने की बात कही थी.

पंजाब के सीएम भगवंत मान के इस बयान पर पलटवार करते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा था कि “ताला लगाना तो बहुत दूर की बात है, इस जनसेवा के केंद्र को और अधिक मजबूत और विशाल बनाया जाएगा.” आज उसी स्थान पर भव्य और अभेद्य इमारत खड़ी कर कुलदीप बिश्नोई ने अपना वादा निभाया है. नए महल का निचला हिस्सा पूरी तरह से जनसेवा कार्यालय के रूप में तैयार किया गया है, ताकि जनता का यह दरबार पहले से भी अधिक मजबूती से चलता रहे.

Share