Monday, 12 October 2026 LATEST NEWS • BEYOND LIMITS
Viral

Navratra vrat diet : नवरात्रि व्रत में पौष्टिक और कम तेल वाले विकल्प चुनकर आप व्रत के दौरान खुद को रखें फिट

Healthy Diet: नवरात्रि का व्रत हमारी रोज की दिनचर्या और खाने-पीने की आदतों में बदलाव लाता है। कुछ लोग व्रत को वजन कम करने का अच्छा तरीका मानते हैं, लेकिन ऐसा हर किसी के साथ हो, यह जरूरी नहीं है। व्रत के दौरान अगर ज्यादा तली-भुनी, मीठी और कैलोरी वाली चीजें खाई जाएं, तो वजन कम होने के बजाय बढ़ भी सकता है। इसलिए व्रत में सिर्फ खाना कम करना जरूरी नहीं है, बल्कि यह भी ध्यान रखना भी आवश्यक है कि आप क्या और कितनी मात्रा में खा रहे हैं। संतुलित और पौष्टिक आहार लेने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं ।

नवरात्र व्रत में क्या खाएं
शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, दूध और बिना चीनी वाली हर्बल या ग्रीन टी भी ले सकते हैं। ताजे फल भी व्रत की डाइट का अच्छा हिस्सा हो सकते हैं। सेब, अमरूद, पपीता, संतरा और मौसमी जैसे फलों को अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार शामिल किया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको ब्लड शुगर की समस्या है तो फलों की मात्रा और चुनाव को लेकर डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर होता है।

नवरात्र व्रत में हेल्दी ऑप्शन

थोड़ी समझदारी से आप अपने खाने में कई तरह के पौष्टिक विकल्प शामिल कर सकते हैं। कुट्टू के आटे से पूरी बनाने के बजाय चीला या रोटी बनाई जा सकती है। इसी तरह सावां के चावल को भिगोकर पीस लें और उससे इडली बनाई जा सकती है। आप इसमें आलू, गाजर जैसी व्रत में खाई जाने वाली सब्जियां मिला सकते हैं। इनके साथ ज्यादा तेल या मसाले वाली चटनी की जगह हल्की नारियल की चटनी ली जा सकती है।

नवरात्र व्रत में तली हुई चीजों की जगह चुने यह

कुट्टू की पकौड़ी, साबूदाना वड़ा, आलू की फ्राइड टिक्की और पूरी जैसी चीजें आम हैं। लेकिन इनका ज्यादा सेवन शरीर में अतिरिक्त कैलोरी पहुंचा सकता है। ऐसे में तली हुई चीजों की जगह बेक्ड या कम तेल में तैयार विकल्प चुनना बेहतर हो सकता है। कुट्टू की बेक्ड टिक्की, बेक्ड पकौड़ी या कम तेल में बनी टिक्की जैसे विकल्प आजमाए जा सकते हैं। इसके अलावा मखाना, साबूदाना, आलू के चिप्स, मूंगफली को कम तेल में एयर फ्राई करके इसकी नमकीन बनाकर खाए।

नवरात्र व्रत के साथ-साथ करें वजन कम

लक्ष्य वजन कम करना है, तो व्रत के दौरान भी पोर्शन यानी खाने की मात्रा का ध्यान रखें। सिर्फ दिन भर भूखे रहकर शाम को ज्यादा तला-भुना खाना वजन कम करने में मदद नहीं करेगा। आलू की फ्राइड चाट की जगह उबले आलू की चाट और मीठी खीर की जगह दही में कटे हुए फल लिए जा सकते हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना और अपनी क्षमता के अनुसार हल्की शारीरिक गतिविधि करना भी मददगार साबित हो सकता है। हल्का योगासन या सांस संबंधित आसन करें।

नवरात्र व्रत में अधिक नमक व चीनी का करें कम सेवन

दौरान पैकेज्ड स्नैक्स और ज्यादा नमक वाली चीजों का सेवन कम करें। इसी तरह ज्यादा चीनी वाली मिठाइयों और पेय पदार्थों से भी बचना बेहतर होता है। इससे अनावश्यक कैलोरी कम करने में मदद मिल सकती है। अगर किसी व्यक्ति को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या कोई अन्य बीमारी है और वह नियमित दवाएं लेता है, तो व्रत रखने से पहले उसे डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

नवरात्रि व्रत में हेल्दी रहने का मंत्र

पौष्टिक भोजन, पर्याप्त पानी और कम तेल वाले विकल्प अपनाकर व्रत को ज्यादा संतुलित बनाया जा सकता है। तली-भुनी चीजों की जगह बेक्ड, उबले और कम तेल में बने खाद्य पदार्थ चुनें ।

Share