Sunday, 29 November 2026
ब्रेकिंग
हरियाणा

पंचायतों के 109 करोड़ आखिर कहां गए? 26 राज्यों में फैले खातों तक पहुंची जांच

पंचायतों के 109 करोड़ आखिर कहां गए? 26 राज्यों में फैले खातों तक पहुंची जांच

हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से हुई करीब 109 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में रकम के लेन-देन का पूरा नेटवर्क सामने आया है। ठगी की राशि पहले 1,897 ट्रांजेक्शन के जरिए 523 बैंक खातों में भेजी गई।

इसके बाद इसे 26 राज्यों में खोले गए हजारों म्यूल खातों में डायवर्ट कर दिया गया। जांच टीम अब तक इन खातों में जमा करीब 26 करोड़ रुपये फ्रीज करा चुकी है। बाकी रकम की रिकवरी के प्रयास जारी हैं।

इस मामले में SIT ने शुक्रवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब तक कुल 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। जांच में कुछ अन्य बैंकों के अधिकारियों की मिलीभगत के संकेत भी मिले हैं। हालांकि, इस बारे में जांच जारी है।

सरकारी भुगतान का झांसा देकर ली बैंक डिटेल

शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि कई लोगों को सरकारी योजनाओं का पैसा, नीतियों से जुड़ी राशि या सरकारी भुगतान जल्द दिलवाने का झांसा दिया गया था। इसके जरिए उनके बैंक खातों की जानकारी हासिल की गई। इन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को आगे भेजने में किए जाने की आशंका है। मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए SIT की 10 टीमें कई राज्यों में दबिश दे रही हैं। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों और पोर्टल संचालित करने वाली निजी कंपनी के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

523 बैंक खातों की फोरेंसिक जांच शुरू

SIT के मुताबिक, ठगी की 109 करोड़ रुपये की रकम पहले 523 बैंक खातों में पहुंची थी। जांच में इन्हें लेयर-1 खाते माना गया है। इन खातों में जमा करीब 26 करोड़ रुपये फ्रीज कराए जा चुके हैं। अब साइबर पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस की फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम भी जांच में जुट गई है। इन खातों की फोरेंसिक जांच के जरिए पता लगाया जा रहा है कि रकम के लेन-देन में बैंक, निजी कंपनी या किसी सरकारी कर्मचारी की भूमिका रही है या नहीं। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

17 नवंबर से बंद है पेमेंट पोर्टल

16 नवंबर को पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से ठगी का मामला सामने आया था। इसके अगले दिन यानी 17 नवंबर से फंड डिस्बर्सल मैनेजमेंट सिस्टम-स्टेट फाइनेंस कमीशन (FDMS-SFC) पोर्टल बंद है। पोर्टल बंद होने से भुगतान नहीं हो पा रहे हैं। भुगतान की ताजा स्थिति और विकास कार्यों का ब्योरा भी नहीं मिल रहा है। इस पोर्टल पर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों के लिए भी लॉगिन की सुविधा है। इसके जरिए कोई भी व्यक्ति अपनी पंचायत में चल रहे विकास कार्यों, उनकी लागत और पूरे हो चुके कामों की जानकारी देख सकता है।

सभी जिलों से चेकर-मेकर की रिपोर्ट मांगी

पंचायत विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों से जिला परिषद, DDPO और BDPO कार्यालयों में काम करने वाले चेकर और मेकर की विस्तृत जानकारी मांगी थी। शुक्रवार को सभी जिलों से तीनों तरह के कार्यालयों की रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई। अब विभाग और बैंक अधिकारी इस जानकारी के आधार पर संदिग्ध लेन-देन की कड़ियां जोड़ेंगे। इसका मकसद यह पता लगाना है कि बैंक खातों से रकम निकालने और आगे भेजने में किस स्तर पर चूक या लापरवाही हुई।

बैंक मैनेजर, क्लर्क और गारंटरों से भी होगी पूछताछ

SIT उन 523 बैंक खातों के मालिकों से बारी-बारी पूछताछ करेगी, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। जिन बैंकों में ये खाते खोले गए, वे भी जांच के दायरे में हैं।खाते खोलने के समय दस्तावेजों को मंजूरी देने वाले तत्कालीन बैंक मैनेजर और क्लर्क से भी पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा खाता खुलवाते समय गारंटर बने लोगों से भी सवाल किए जाएंगे। जांच टीम इसके बाद उन खातों की पहचान करेगी, जिनमें इन 523 खातों से आगे रकम भेजी गई।

Reactions

Never miss a story

Share

Comments

Leave a Comment

Just your name and comment — email is not required.