India

UPI और कार्ड पेमेंट से मिलेगी 1000 से ज्यादा की शराब, नया नियम लागू

UPI और कार्ड पेमेंट से मिलेगी 1000 से ज्यादा की शराब, नया नियम लागू

महीने की पहली तारीख से कई नियमों में बदलाव देखने को मिलता है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के कामों पर पड़ता है. अब शराब खरीदने वालों के लिए भी एक नया नियम लागू होने जा रहा है.

तमिलनाडु में 1 नवंबर 2026 से 1,000 रुपए से ज्यादा की शराब खरीदने पर ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट करना होगा. इसके लिए UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे ऑप्शन इस्तेमाल किया जाएगा.

यह फैसला तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) ने लिया है. इस बदलाव का खास मकसद शराब की दुकानों पर कैश के इस्तेमाल को कम करना, लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने जैसी शिकायतों पर रोक लगाना है.

शराब खरीदने पर कब करना होगा डिजिटल पेमेंट?

1 नवंबर से 1,000 रुपए से ज्यादा की शराब खरीदने पर डिजिटल पेमेंट करना अनिवार्य होगा. इसके लिए ग्राहक UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. हालांकि, 1,000 रुपए तक की खरीदारी के लिए ग्राहक कैश या डिजिटल पेमेंट, दोनों में से कोई भी तरीका चुन सकता है. यह नियम खासतौर पर तमिलनाडु की TASMAC के तहत चलने वाली शराब की दुकानों पर लागू किया जाएगा.

क्यों बदला जा रहा है पेमेंट का नियम?

TASMAC के मुताबिक, राज्य में फिलहाल 4,048 रिटेल शराब की दुकानें चल रही हैं. इनमें डिजिटल पेमेंट के ऑप्शन उपलब्ध होने के बावजूद ज्यादातर लेनदेन कैश में किए जाते हैं. कंपनी का कहना है कि बड़ी मात्रा में नकदी संभालने से कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी जोखिम, हिसाब-किताब में गड़बड़ी और नकली नोटों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.

डिजिटल पेमेंट से हर ट्रांजैक्शन का समय और रकम दर्ज होगी, जिससे लेनदेन का रिकॉर्ड रखना आसान हो सकेगा. इससे ग्राहकों की ओर से मैक्सिमम रिटेल प्राइस (MRP) से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें पर भी नजर रखना आसान होगा.

Share