दिवाली पर आग का तांडव, जयपुर के शोरूम से पाली की पान-मसाला दुकान तक मची तबाही
दीपावली के त्योहार पर राजस्थान में जमकर आतिशबाजी हुई. इस आतिशबाजी के चलते आगजनी की घटना से राजस्थान के कई जिलों में दिवाली की खुशियां गम में तब्दील होग गई. जयपुर, पाली, खैरथल, राजसमंद और अलवर में दुकानों, शोरूम, खेत में रखे चारे और ट्रक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. कई जगह आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा.
जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में खातीपुरा रोड स्थित कपड़ों के शोरूम मंडप साड़ीस में भीषण आग लग गई. वहीं पाली के फालना कस्बे में पटाखों की दुकान आग की चपेट में आ गई.
शुरुआती जानकारी के अनुसार कुछ घटनाओं में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि सभी घटनाओं के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में खातीपुरा रोड स्थित कपड़ों के शोरूम मंडप साड़ीस में अचानक आग लग गई. आग की लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की सात से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार शोरूम में आग लगने की वजह पटाखों की चिंगारी हो सकती है. आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पाली के फालना में पटाखा दुकान आग की चपेट में
पाली जिले के फालना कस्बे में पटाखों की एक दुकान में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि आसपास छोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकान तक पहुंची, जिससे आग भड़क उठी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया. इस घटना में कुछ लोगों के आग की चपेट में आने की सूचना भी सामने आई है.
खैरथल में फ्रूट की दुकान की छत पर लगी आग
खैरथल जिले के वार्ड नंबर 34 में रेलवे फाटक के सामने सब्जी मंडी के पास एक थोक व्यापारी की फ्रूट दुकान की छत पर आग लग गई. छत पर सब्जियों के खाली कैरेट और बारदाना रखा हुआ था, जिसने आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई गई. सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस भी मौके पर पहुंची. घटना के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
राजसमंद में खेत में रखे चारे में भड़की आग
राजसमंद जिले के देवगढ़ क्षेत्र के सोहनगढ़ गांव में खेत में रखे चारे में भीषण आग लग गई. आग की लपटें उठती देखकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी. आग से चारे को नुकसान होने की आशंका है. नुकसान का आकलन अभी सामने नहीं आया है.


