ब्रेकिंग
भारत

School Holidays: बिहार में 17 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल, राजस्थान में 15 तक रहेंगी छुट्टियां

School Holidays: बिहार में 17 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल, राजस्थान में 15 तक रहेंगी छुट्टियां

Holiday List 2026, Schools Closed 2026: नवंबर का महीना स्कूली बच्चों के लिए छुट्टियों के लिहाज से काफी खास है.दिवाली की छुट्टियां भले ही कई राज्यों में खत्म हो चुकी हैं, लेकिन अभी भी देश के कई हिस्सों में स्कूल बंद हैं.कहीं दिवाली का लंबा वेकेशन चल रहा है तो कहीं गोवर्धन पूजा, भाई दूज और दूसरे त्योहारों के कारण विद्यार्थियों को छुट्टियां मिल रही हैं.आज 9 नवंबर 2026 को बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में स्कूलों का अवकाश जारी है.

वहीं तमिलनाडु में दिवाली के अगले दिन यानी आज स्कूलों और कॉलेजों में अतिरिक्त छुट्टी घोषित की गई है.

छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में भी आज तक दिवाली की छुट्टियां निर्धारित हैं हालांकि सभी राज्यों में छुट्टियों का शेड्यूल एक जैसा नहीं है.कुछ जगहों पर स्कूल दोबारा खुल चुके हैं जबकि कुछ राज्यों में नवंबर के दूसरे और आखिरी सप्ताह तक छुट्टियां जारी रहेंगी.ऐसे में अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए यह जानना जरूरी है कि 9 नवंबर के बाद कहां स्कूल खुलेंगे और किन राज्यों में अभी छुट्टियां बाकी हैं.आइए जानते हैं नवंबर 2026 की लेटेस्ट राज्यवार स्कूल हॉलिडे लिस्ट…

9 नवंबर तक कौन-कौन सी छुट्टियां बीत चुकी हैं?

नवंबर की शुरुआत से ही त्योहारों के कारण स्कूलों में छुट्टियों का सिलसिला शुरू हो गया था.1 नवंबर को रविवार होने के कारण स्कूल बंद थे.इसके बाद 6 नवंबर को धनतेरस मनाया गया.8 नवंबर को रविवार के दिन दिवाली और नरक चतुर्दशी का त्योहार पड़ा.इन तारीखों पर अलग-अलग राज्यों के स्कूलों में उनके निर्धारित कैलेंडर के अनुसार अवकाश रहा. आज 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का त्योहार मनाया जा रहा है.उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में इस अवसर पर स्कूलों में छुट्टी है.

वहीं तमिलनाडु सरकार ने दिवाली रविवार को पड़ने के कारण 9 नवंबर को भी सभी स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इसके बदले 28 नवंबर को शनिवार के दिन स्कूल और दूसरे शैक्षणिक संस्थान खुले रहेंगे. अब स्‍टूडेंटस को 11 नवंबर को भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर छुट्टी मिल सकती है. इसके बाद 15 नवंबर को छठ पूजा है जो रविवार के दिन पड़ रही है.उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर को वीरांगना ऊदा देवी बलिदान दिवस के अवसर पर भी अवकाश का प्रावधान है.महीने के आखिरी सप्ताह में 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस के कारण कई राज्यों में स्कूल बंद रहेंगे.

बिहार में 17 नवंबर तक बंद रहेंगे सरकारी स्कूल

बिहार के स्‍टूडेंटस को नवंबर में सबसे लंबी छुट्टियों में से एक मिल रही है.राज्य के शिक्षा विभाग के 2026 के अवकाश कैलेंडर के मुताबिक सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में 7 नवंबर से 17 नवंबर तक लगातार छुट्टियां निर्धारित हैं. इस दौरान दिवाली, चित्रगुप्त पूजा, भाई दूज और छठ पूजा जैसे त्योहार शामिल हैं.आज 9 नवंबर को भी बिहार के सरकारी स्कूल बंद हैं और यह छुट्टी 17 नवंबर तक जारी रहेगी यानी स्‍टूडेंटस को अभी आठ दिन और स्कूल नहीं जाना होगा.18 नवंबर से स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद है. इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी छुट्टी निर्धारित है हालांकि यह लंबा अवकाश मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों के कैलेंडर के अनुसार है. निजी स्कूलों की छुट्टियों की तारीख अलग हो सकती है.

महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे के स्कूलों की अलग-अलग छुट्टियां

महाराष्ट्र में इस बार दिवाली की छुट्टियों को लेकर विद्यार्थियों को लंबा ब्रेक मिला है लेकिन राज्य के सभी स्कूलों का शेड्यूल एक जैसा नहीं है.मुंबई और पुणे के स्कूलों में छुट्टियों की अवधि अलग-अलग निर्धारित की गई है.मुंबई के नगर निगम और निजी सहायता प्राप्त प्राथमिक स्कूलों में 5 नवंबर से 23 नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां हैं.इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती का सार्वजनिक अवकाश है.ऐसे में इन स्कूलों में नियमित पढ़ाई 25 नवंबर से शुरू होने की संभावना है वहीं पुणे के मान्यता प्राप्त निजी माध्यमिक स्कूलों में 5 नवंबर से 18 नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां निर्धारित की गई हैं.यहां 19 नवंबर से कक्षाएं दोबारा शुरू होने की उम्मीद है.यह शेड्यूल पहले घोषित 2 से 14 नवंबर की छुट्टियों में संशोधन के बाद आया है इसलिए महाराष्ट्र के अभिभावकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि मुंबई और पुणे के स्कूलों की छुट्टियां अलग-अलग हैं.विद्यार्थियों को अपने स्कूल की ओर से जारी नोटिस के अनुसार ही स्कूल खुलने की तारीख देखनी चाहिए.

राजस्थान में 15 नवंबर तक जारी रहेंगी छुट्टियां

राजस्थान के स्कूलों में भी दिवाली के मौके पर लंबा मिड-टर्म ब्रेक दिया गया है.राज्य के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक छुट्टियां निर्धारित हैं. इसका मतलब है कि आज 9 नवंबर को भी राजस्थान के कई स्कूल बंद हैं.विद्यार्थियों को अभी 15 नवंबर तक छुट्टियों का लाभ मिलेगा.16 नवंबर से स्कूलों में दोबारा पढ़ाई शुरू होने का कार्यक्रम है.इस छुट्टी में दिवाली और उससे जुड़े त्योहार शामिल हैं.इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी छुट्टी मिल सकती है.

गोवा में 21 नवंबर तक स्कूलों में दिवाली वेकेशन

गोवा के विद्यार्थियों को भी नवंबर में लंबी छुट्टियां मिल रही हैं.राज्य के शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 2 नवंबर से 21 नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां निर्धारित की हैं.यह अवकाश प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों पर लागू है. इस हिसाब से आज 9 नवंबर को गोवा के स्कूल बंद हैं और विद्यार्थियों को अभी करीब 12 दिन का अवकाश और मिलेगा.22 नवंबर को रविवार होने के कारण स्कूलों में 23 नवंबर से पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है.

पश्चिम बंगाल में 12 नवंबर तक जारी रहेगी छुट्टी

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की छुट्टियों को दिवाली के आसपास के अवकाश के साथ जोड़ा गया है.पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के छुट्टी मॉडल के अनुसार स्कूलों में 15 अक्टूबर से 12 नवंबर तक लंबा अवकाश निर्धारित है.इस तरह आज 9 नवंबर को भी राज्य के संबंधित स्कूलों में छुट्टियां जारी हैं.12 नवंबर तक यह अवकाश रहेगा.इसके बाद स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू होने की संभावना है.इस अवधि में रविवार को छोड़कर कुल 25 छुट्टियां निर्धारित की गई हैं.

छत्तीसगढ़ में 11 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल

छत्तीसगढ़ में भी दिवाली की छुट्टियों की अवधि बढ़ाई गई है.राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग के 16 अक्टूबर के संशोधित आदेश के अनुसार सरकारी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में 6 नवंबर से 11 नवंबर तक दिवाली का अवकाश रहेगा इसलिए आज 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ के स्कूल भी बंद हैं.स्‍टूडेंटस को 11 नवंबर तक छुट्टियां मिलेंगी और 12 नवंबर से नियमित कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद है.यह संशोधित शेड्यूल संबंधित स्कूलों और निर्धारित शैक्षणिक संस्थानों पर लागू है.

हिमाचल प्रदेश में आज आखिरी दिन है दिवाली की छुट्टी

हिमाचल प्रदेश में दिवाली के मौके पर स्कूलों में 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिनों की छुट्टियां निर्धारित की गई हैं.ऐसे में 9 नवंबर को भी राज्य के स्कूल बंद हैं.हिमाचल प्रदेश के स्‍टूडेंटस के लिए दिवाली की छुट्टियों का आखिरी दिन 10 नवंबर होगा.इसके बाद 11 नवंबर से स्कूलों में पढ़ाई शुरू होने की संभावना है.राज्य सरकार की छुट्टी सूची में 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भैया दूज का उल्लेख भी है लेकिन ये छुट्टियां सरकारी कर्मचारियों की श्रेणी और स्थानीय नियमों के अनुसार अलग हो सकती हैं.इसलिए स्कूलों का अपना कैलेंडर देखना जरूरी है.

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में आज कहां-कहां बंद हैं स्कूल?

उत्तर प्रदेश में दिवाली के बाद 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर छुट्टी है.इसके बाद 11 नवंबर को भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती के कारण भी स्कूल बंद रहेंगे हालांकि 8 से 11 नवंबर तक लगातार छुट्टी नहीं है.10 नवंबर को स्कूलों में सामान्य पढ़ाई हो सकती है.इसके अलावा 15 नवंबर को छठ पूजा रविवार के दिन है.16 नवंबर को वीरांगना ऊदा देवी बलिदान दिवस के अवसर पर वैकल्पिक राज्य अवकाश का प्रावधान है.24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी छुट्टी मिल सकती है.दिल्ली में भी 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्कूलों की छुट्टी स्थानीय कैलेंडर और संबंधित संस्थान के आदेश के अनुसार हो सकती है.इसके बाद 11 नवंबर को भाई दूज और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर अवकाश मिल सकता है. दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए लगातार छुट्टियों का कोई एक समान लंबा शेड्यूल नहीं है. अभिभावकों को स्कूल की ओर से जारी सूचना देखनी चाहिए.

Share