रोडवेज डिपो में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे परिचालकों को खुशी की खबर
रोडवेज डिपो में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे परिचालकों को खुशी की खबर है। परिवहन विभाग की तरफ से उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति सूची जारी कर दी गई है।विभाग की ओर से जारी सूची में 24 डिपो में 797 कर्मचारियों को उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। लंबे समय से डिपो में रिक्त चल रहे निरीक्षकों के अधिकांश पदों को इस पदोन्नति से भर दिया गया है।
पद रिक्त होने की वजह से कार्य प्रभावित हो रहे
लंबे समय से डिपो में निरीक्षकों के पद रिक्त होने के चलते टिकट जांच सहित अन्य कार्य प्रभावित चल रहे थे। बसों में टिकट चेकिंग, समय-सारिणी का पालन, कर्मचारियों की ड्यूटी निगरानी और यात्रियों की शिकायतों के निपटारे जैसे अहम कार्य प्रभावित हो रहे थे।
अब लंबे इंतजार के बाद पदोन्नति मिलने से कर्मचारियों में खुशी की लहर है और माना जा रहा है कि जल्द ही व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी।
सोनीपत डिपो सबसे आगे
जारी सूची में सोनीपत डिपो सबसे आगे रहा है। सोनीपत में सबसे ज्यादा 67 कर्मचारियों को उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली है। इसके बाद हिसार में 52 और भिवानी में 51 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। जींद में 48, रोहतक में 46, कैथल में 46, पानीपत में 45, दिल्ली आइएसबीटी दिल्ली में 40, झज्जर में 40 और सिरसा में 40 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है।
अंबाला में 36, फतेहाबाद में 34, कुरुक्षेत्र में 34, चंडीगढ़ में 30, चरखी दादरी में 30, करनाल में 29, पंचकूला में 27, यमुनानगर में 27, फरीदाबाद में 22 और गुरुग्राम में 16 कर्मचारियों को उपनिरीक्षक बनाया गया है। वहीं पलवल में 11, रेवाड़ी में 10, नारनौल में नौ और नूंह में सबसे कम सात कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है।
वरिष्ठता के आधार पर हुई पदोन्नति
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह पदोन्नति वरिष्ठता और पात्रता के आधार पर की गई है। विभाग ने सभी डिपो से प्राप्त रिकार्ड की जांच के बाद सूची को अंतिम रूप दिया है। इससे उन कर्मचारियों को लाभ मिला है जो वर्षों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
उपनिरीक्षकों के पद भरने से डिपो स्तर पर अनुशासन और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। टिकट जांच अभियान तेज होगा, जिससे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अंकुश लगेगा और विभाग की आय में भी बढ़ोतरी होगी। साथ ही बसों के संचालन में समय की पाबंदी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।


