Gita Jayanti 2026 Date: गीता जयंती कब है? जानें मार्गशीर्ष माह में गीता के कौन से अध्याय पढ़ने से लाभ
गीता जयंती हर साल मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाते हैं. इस तिथि को ही भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था, जो आज भी कर्म योगियों के जीवन की सफलता का सूत्र है.
इस दिन को मोक्षदा एकादशी के नाम से भी जानते हैं. वैसे भी मार्गशीर्ष माह भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय माह है, इसमें गीता का पाठ करने से कई लाभ होते हैं. यदि आपके पास समय का अभाव है, जिस वजह से आप गीता के सभी 18 अध्यायों का पाठ नहीं कर सकते हैं तो कुछ अध्यायों का पाठ करके ज्ञान और पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि गीता जयंती कब है? मार्गशीर्ष में गीता के कौन से अध्याय पढ़ने से क्या लाभ होता है?
गीता जयंती 2026 तारीख
वैदिक पंचांग के अनुसार, गीता जयंती के लिए आवश्यक मार्गशीर्ष की शुक्ल एकादशी तिथि 19 दिसंबर को रात में 10 बजकर 9 मिनट से शुरू होगी और 20 दिसंबर को रात 8 बजकर 14 मिनट पर खत्म होगी. ऐसे में गीता जयंती 20 दिसंबर, रविवार को मनाई जाएगी. एकादशी की उदयातिथि 20 दिसंबर को है. इस साल गीता की 5163वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी.
कैसे हुई गीता की उत्पत्ति?
द्वापर युग में जब कौरवों ने पांडवों को राज्य में उनका हिस्सा देने से मना कर दिया तो महाभारत का युद्ध निश्चित हो गया. इसे अधर्म के विरुद्ध धर्म युद्ध कहा गया, जिसमें पांडवों को भगवान श्रीकृष्ण का साथ मिला. कुरुक्षेत्र में युद्ध के पहले दिन अर्जुन अपने सामने भाई, पितामह, गुरु, सगे संबंधियों को देखकर असंजस में पड़ गए कि अपनों के ही विरुद्ध युद्ध कैसे करें? यह सब सोचकर वे रथ में पीछे की ओर बैठ गए. उनकी इस स्थिति को देखकर भगवान श्रीकृष्ण ने अपना विराट स्वरूप धारण किया और उनको असमंजस की स्थिति से बाहर निकालने और वास्तविक ज्ञान का बोध कराने के लिए गीता का उपदेश दिया. ऐसे ही गीता की उत्पत्ति हुई, जो आज भी लोगों को जीवन का मार्ग दिखा रही है.
मार्गशीर्ष में करें गीता के इन अध्यायों का पाठ
श्रीमद्भगवद्गीता के 18 अध्याय हैं. यदि आप मार्गशीर्ष या अगहन में गीता का पूरा पाठ कर सकें तो बहुत उत्तम है, लेकिन ऐसा संभव न हो तो गीता के 10वें, 11वें, 12वें, 15वें और 18वें अध्याय का पाठ कर सकते हैं.
10वां अध्याय: मार्गशीर्ष माह के लिए इस अध्याय को गीता का सबसे प्रमुख अंश माना जाता है. इसके 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि वे महीनों में मार्गशीर्ष हैं. उन्होंने अपनी दिव्य विभूतियों और ऐश्वर्य का वर्णन किया है. जो लोग मार्गशीर्ष में इस अध्याय का पाठ करते हैं, उनको श्रीकृष्ण कृपा मिलती है, जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है.
11वां अध्याय: गीता के इस अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण के विराट और दिव्य विश्वरूप का वर्णन है. जो लोग मार्गशीर्ष में यह पाठ करते हैं, उसका अज्ञान, भय, मोह आदि मिटता है. असमंजस और संकटों से बाहर आने की दिशा मिलती है.
12वां अध्याय: गीता के 12वें अध्याय में श्रीकृष्ण ने अपने प्रिय भक्त के लक्षणों को बताया है. यदि आप मार्गशीर्ष में इसका पाठ करते हैं तो आपको भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति प्राप्त होगी.
15वां अध्याय: इस अध्याय को गीता का सार कहा गया है. इस अध्याय का महत्व स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने बताया है. पद्म पुराण में भी इसका वर्णन है. इसे पढ़ने से पाप मिटता है, मन शांत होता है और व्यक्ति मोक्ष प्राप्ति के लिए अग्रसर होता है.
18वां अध्याय: यह गीता का अंतिम अध्याय है, जिसमें संपूर्ण गीता का सार बताया गया है. यदि आप कोई अध्याय न पढ़ पाएं तो मार्गशीर्ष माह में केवल 18वें अध्याय को पढ़ लें. आपको संपूर्ण गीता पढ़ने के समान पुण्य लाभ होगा.

Comments
Leave a Comment