राजस्थान

DA-DR में 3% की बढ़ोतरी, राजस्थान के कर्मचारियों की दिवाली होगी गुलजार

DA-DR में 3% की बढ़ोतरी, राजस्थान के कर्मचारियों की दिवाली होगी गुलजार

सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दिवाली से पहले खुशखबरी आई है। केंद्र सरकार के बाद अब भजनलाल सरकार ने भी महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है।

इसके साथ ही राज्य के करीब 6 लाख कर्मचारियों को अधिकतम 7 हजार रुपए तक एडहॉक बोनस देने के आदेश भी जारी किए गए हैं। यानी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा, वहीं पात्र कर्मचारियों की दिवाली बोनस से भी गुलजार होगी।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंजूरी के बाद शुक्रवार को डीए-डीआर बढ़ाने के आदेश जारी हुए। इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलेगी। हालांकि, किस कर्मचारी को हर महीने कितने रुपए का फायदा होगा, यह उसके वेतनमान और मूल वेतन पर निर्भर करेगा।

60 से बढ़कर 63 फीसदी हुआ DA-DR

राजस्थान में अब तक राज्य कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और पेंशनर्स को 60 प्रतिशत महंगाई राहत मिल रही थी। सरकार की ओर से 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद यह दर बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है।

इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी मिलेगा। वहीं, पेंशनर्स को बढ़ी हुई महंगाई राहत का फायदा दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर करीब 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

अप्रैल में भी बढ़ाया था महंगाई भत्ता

राज्य सरकार ने इसी साल अप्रैल में भी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत दी थी। उस समय महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद डीए-डीआर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया था।

अब एक बार फिर 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद यह 63 प्रतिशत पर पहुंच गया है। लगातार हुई इन बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई के बीच कुछ अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी।

किसी को 500 तो किसी को 4500 रुपए तक का फायदा

डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फायदा सभी कर्मचारियों को एक समान नहीं मिलेगा। कर्मचारी का वेतनमान और मूल वेतन जितना अधिक होगा, उसे उतनी ही ज्यादा रकम का लाभ मिल सकता है।

सरकार के वेतनमान के अनुसार, कर्मचारियों की मासिक सैलरी में करीब 500 रुपए से लेकर 4500 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है। लेवल-1 से लेकर लेवल-24 तक के कर्मचारियों के लिए बढ़ने वाली राशि अलग-अलग होगी।

इसलिए किसी कर्मचारी की जेब में हर महीने कुछ सौ रुपए अतिरिक्त आएंगे, तो किसी को इससे कई गुना ज्यादा फायदा मिल सकता है।

जुलाई से लागू होगा बढ़ा हुआ DA, नवंबर की सैलरी में मिलेगा पैसा

महंगाई भत्ते में की गई बढ़ोतरी जुलाई से लागू होगी। जुलाई से अक्टूबर तक की अवधि का बकाया डीए कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि यानी GPF खातों में जमा किया जाएगा।

वहीं, बढ़े हुए डीए का नियमित भुगतान कर्मचारियों को नवंबर के वेतन के साथ नकद किया जाएगा। यानी कर्मचारियों को नवंबर की सैलरी में बढ़े हुए महंगाई भत्ते का फायदा मिलना शुरू होगा, जबकि जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर जीपीएफ खाते में जमा होगा।

पेंशनर्स के लिए भुगतान की व्यवस्था अलग रखी गई है। उन्हें 1 जुलाई से बढ़ी हुई महंगाई राहत नकद दी जाएगी।

दिवाली पर 6 लाख कर्मचारियों को 7 हजार तक बोनस

महंगाई भत्ता बढ़ाने के साथ ही सरकार ने दिवाली बोनस का भी तोहफा दिया है। राज्य के करीब 6 लाख कर्मचारियों को अधिकतम 7 हजार रुपए तक एडहॉक बोनस दिया जाएगा।

हालांकि, बोनस का लाभ सभी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा। यह सुविधा पे-मैट्रिक्स के लेवल-12 तक के पात्र कर्मचारियों के लिए है। बोनस की राशि संबंधित पात्रता और निर्धारित नियमों के आधार पर तय होगी।

सरकार पर इस बोनस के कारण चालू वित्त वर्ष में करीब 406 करोड़ रुपए का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

बोनस का 75 फीसदी नकद, 25 फीसदी GPF में जमा

बोनस के भुगतान में भी कर्मचारियों को नकद रकम और बचत, दोनों का फायदा मिलेगा। निर्धारित व्यवस्था के तहत बोनस की 75 प्रतिशत राशि नकद दी जाएगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत रकम कर्मचारियों के GPF खातों में जमा की जाएगी।

Share