ब्रेकिंग
वायरल

जेईई मेन में शानदार अंक के बाद बनीं NDA टॉपर

जेईई मेन में शानदार अंक के बाद बनीं NDA टॉपर

19 साल की श्रेया का 5वीं क्लास का सपना अब साकार होने जा रहा है। वह सेना में अफसर बनेंगी। कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में भद्रावती के थिम्मापुरा गांव की रहने वाली श्रेया एन गौड़ा ने यूपीएससी एनडीए परीक्षा (I) 2026 में महिलाओं की कैटेगरी में टॉप किया है।

उनकी ऑल इंडिया रैंक 2 रही। उन्होंने पहले ही प्रयास में ये बड़ी उपलब्धि हासिल कर राज्य की बेटियों के सामने बड़ी मिसाल पेश की है। वर्तमान में वह एनआईटी संस्थान सूरथकल से इंजीनियरिंग कर रही हैं जहां से 50-60 लाख का पैकेज मिल जाता है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक बीवाई विजयेंद्र ने श्रेया को यूपीएससी एनडीए परीक्षा की महिला वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करने पर बधाई दी है।

2021 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लिया पक्का फैसला

श्रेया कक्षा 5वीं से ही अपने करियर पर मंथन शुरू कर दिया था। वह इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे रास्तों से हटकर कुछ अलग करना चाहती थीं। उनके जीवन में एक बड़ा मोड़ तब आया जब 2021 में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद महिलाओं को भी NDA में शामिल होने की अनुमति मिल गई है। तब वह कक्षा 8 में थी। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस से उन्होंने कहा, “जब मुझे पता चला कि लड़कियां भी NDA में शामिल हो सकती हैं, तो मैं बहुत खुश हुई। मुझे एहसास हुआ कि जिस मौके का मुझे इंतजार था, वह आखिरकार मिल गया है और मैं इसका पूरा फायदा उठाना चाहती थी।’

तुरंत कड़ी तैयारी शुरू करने के बजाय श्रेया ने अपनी पर्सनैलिटी को निखारने पर ध्यान दिया। उन्होंने वाद-विवाद, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और राज्य-स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार जीता। पढ़ाई में वह कक्षा 10 में अपने स्कूल में टॉपर रहीं और पूरे तालुक में पहला स्थान हासिल किया।

जेईई मेन से मुश्किल लगा एनडीए एसएसबी इंटरव्यू

बाद में वह अपनी आगे की पढ़ाई के लिए बेंगलुरु चली गईं, जहां उन्होंने BASE PU कॉलेज में दाखिला लिया और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन की तैयारी की। गणित और विज्ञान जैसे विषयों में की गई दो साल की कड़ी मेहनत ने उन्हें एनडीए की लिखित परीक्षा में काफी मदद की जो उन्हें जेईई के मुकाबले आसान लगी। हालांकि उन्हें पांच दिनों तक चलने वाला सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड’ (SSB) इंटरव्यू कहीं ज्यादा मुश्किल लगा। एनडीए लिखित परीक्षा पास करने के बाद पांच दिन का एसएसबी इंटरव्यू होता है। एसएसबी की तैयारी में वे रेगुलर दौड़ती थी। खुद को फिट रखती थीं। अखबार पढ़ती और करेंट अफेयर्स पर फोकस रखतीं। नागपुर में 14 दिन के कोचिंग प्रोग्राम में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।

उन्होंने कहा, ‘मुझे लिखित परीक्षा को लेकर पूरा भरोसा था, लेकिन SSB का अनुभव बिल्कुल अलग था। इसमें आपके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम में काम करने की योग्यता को परखा जाता है।’

श्रेया ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता नागेंद्र जे और मां आशा बी.एम को देती हैं। पिता विश्वेश्वरैया आयरन एंड स्टील प्लांट VISL में काम करते हैं जबकि मां कॉमर्स की लेक्चरर हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने चचेरे भाई-बहनों को भी श्रेय दिया जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने कभी भी उन पर अच्छे मार्क्स लाने या करियर चुनने का दबाव नहीं डाला बल्कि हमेशा उन्हें वही करने के लिए प्रोत्साहित किया जिससे उन्हें खुशी मिलती हो।

एनआईटी से कर रही इंजीनियरिंग

जेईई मेन में अच्छे अंक आने के बाद उन्होंने एनआईटी सुरथकल में दाखिला लिया। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कर्नाटक (NITK), सुरथकल में पढ़ाई कर रहीं श्रेया, अपना इंजीनियरिंग कोर्स छोड़कर पुणे के खड़कवासला स्थित NDA में शामिल होने की योजना बना रही हैं। वह भारतीय सेना में सेवा देना चाहती हैं, और उनकी खास रुचि डिफेंस टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में है।

महिलाओं को सलाह देते हुए वह कहती हैं कि युवा अपने लक्ष्यों को लेकर स्पष्ट रहें और अपने परिवार को भी इसके बारे में बताएं। उन्होंने कहा, ‘दुनिया को यह बताने की हिम्मत रखें कि आप क्या करना चाहती हैं। अपने लक्ष्यों को प्राथमिकता दें और जरूरत पड़े तो उन्हें हासिल करने का रास्ता खोजें।’

उनकी मां आशा ने बताया कि श्रेया बचपन से ही पढ़ाई में बहुत होनहार रही हैं। उन्होंने कहा, “सेना में जाना हमेशा से उनका सपना था। जब लड़कियों के लिए NDA में शामिल होने का मौका खुला, तो उनका पूरा ध्यान अकादमी में जाने पर लग गया। उन्होंने जो ठाना था उसे हासिल कर लिया है।’

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने श्रेया, उनके माता-पिता और शिक्षकों को बधाई दी। शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, “श्रेया ने बचपन से ही सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखा था। उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प को इस सफलता के रूप में देखकर बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने अपने परिवार और पूरे कर्नाटक का मान बढ़ाया है। अपने सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए, मैं उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।”

Share