उत्तर प्रदेश

राशन कार्ड धारकों की मौज! मुफ्त राशन के बाद अब मिलेगा 5 लाख का फ्री इलाज

राशन कार्ड धारकों की मौज! मुफ्त राशन के बाद अब मिलेगा 5 लाख का फ्री इलाज

उतर प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है. विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का एक बड़ा तोहफा देने की तैयारी में जुट गई है.

इसके तहत अब राज्य के सभी राशन कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का फैसला किया गया है. इस शानदार प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके बाद पात्र लोगों को अस्पतालों में बिल्कुल मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा.

14 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को मिलेगा सीधा फायदा

उत्तर प्रदेश में लाल (अंत्योदय) और सफेद (पात्र गृहस्थी) राशन कार्डों को मिलाकर कुल 3.63 करोड़ कार्ड बने हुए हैं, जिनके अंतर्गत लगभग 14.61 करोड़ लाभार्थी रजिस्टर्ड हैं. जैसे ही यह नया प्रस्ताव पूरी तरह से लागू हो जाएगा, इन सभी परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलने लगेगा. हालांकि, जिन परिवारों के सदस्य सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें पहले की तरह उनके अपने विभाग की स्वास्थ्य योजनाओं का ही लाभ मिलने की बात कही जा रही है.

मौजूदा समय में आयुष्मान भारत योजना के नियम के तहत पात्र परिवारों को सरकारी और सूचबद्घ निजी अस्पतालों में भर्ती होने पर 5 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा दी जाती है. यह पूरी सीमा एक परिवार के लिए संयुक्त रूप से होती है, और सरकार तयशुदा नियमों और पैकेजों के हिसाब से सीधे अस्पताल को भुगतान करती है.

सरकार पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ, जल्द होगी बजट की व्यवस्था

इस योजना का दायरा जैसे-जैसे बढ़ाया जाएगा, वैसे-वैसे सरकारी खजाने पर वित्तीय बोझ भी बढ़ना तय है. वर्तमान समय में इस योजना पर सालाना 6 से 9 हजार करोड़ रुपये का खर्च आता है. लेकिन, इस बड़े विस्तार के बाद यह खर्च बढ़कर सीधे करीब 15,000 करोड़ रुपये सालाना तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है.

भारी-भरकम खर्च को संभालने और अतिरिक्त बजट का इंतजाम करने के लिए आने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विशेष व्यवस्था की जा सकती है. स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कुछ परिवारों के लोग पहले से ही सरकारी कर्मचारियों के लिए चलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं. ऐसे में इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए खर्च का सही आकलन किया जा रहा है.

Share