World

Plastic Currency: 2027 से बाजार में आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, ₹10 और ₹20 की करेंसी पर ट्रायल करेगा RBI

Plastic Currency: 2027 से बाजार में आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, ₹10 और ₹20 की करेंसी पर ट्रायल करेगा RBI

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही देश में प्लास्टिक करेंसी की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम उठा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, RBI 1 अप्रैल 2027 से 10 और 20 रुपए के प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल शुरू कर सकता है।

खास बात यह है कि इन नए नोटों का आकार मौजूदा कागज के नोटों जैसा ही रखने की योजना है। इससे बैंकों को ATM मशीनों में बदलाव कराने पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगारिपोर्ट के अनुसार, आरबीआई की योजना नोटों की लंबाई और चौड़ाई पहले जैसी रखने की है। दरअसल, अगर नए नोटों का आकार बदलता है तो ATM में लगे सेंसर, नोट रखने वाले हिस्सों और अन्य तकनीकी सुविधाओं को अपडेट करना पड़ सकता है। इससे बैंकों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।ATM में बदलाव नहीं करने से बचेंगे करोड़ों रुपएनोटों का आकार पहले जैसा रखने से बैंकों को बड़ी बचत हो सकती है। इससे पहले 100 और 200 रुपए के नए नोट जारी होने पर देशभर के करीब 2.4 लाख ATM में बदलाव करना पड़ा था। इस प्रक्रिया पर ATM इंडस्ट्री को लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च करने पड़े थे।

एक बैंक अधिकारी के मुताबिक, अगर किसी बैंक के पास 8,500 ATM हैं तो नोटों का आकार नहीं बदलने से करीब 21.25 करोड़ रुपए का शुरुआती खर्च बचाया जा सकता है। शुरुआती परीक्षण के दौरान प्लास्टिक नोट बैंक शाखाओं के काउंटर से भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

प्लास्टिक नोट बनाने के लिए 6 कंपनियों ने लगाई बोली

इस योजना के लिए RBI की सहयोगी कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (BRBNMPL) ने टेंडर जारी किया है। इसमें छह कंपनियों ने बोली लगाई है। इनमें भारतीय कंपनी यूफ्लेक्स भी शामिल है, जिसने अमेरिकी कंपनी स्पेक्ट्रा सिस्टम्स के साथ साझेदारी की है।

टेंडर के तहत 10 और 20 रुपए के नोटों के लिए कुल 68 हजार रीम विशेष प्लास्टिक शीट खरीदी जाएंगी। ये शीट बायएक्सियली ओरिएंटेड पॉलीप्रोपाइलीन (BOPP) से बनी होंगी। इन पर खास कोटिंग की जाएगी, ताकि छपाई अच्छी हो और स्याही आसानी से चिपक सके।

कागज के नोटों से 4 गुना ज्यादा चलेगी प्लास्टिक करेंसी

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा के मुताबिक, प्लास्टिक के नोट सामान्य कागज के नोटों की तुलना में 2 से 4 गुना ज्यादा समय तक चल सकते हैं। हालांकि, बड़े स्तर पर इन्हें जारी करने से पहले भारत के मौसम और इस्तेमाल की परिस्थितियों में इनकी जांच की जाएगी।

सरकार ने 10 और 20 रुपए के एक-एक अरब प्लास्टिक नोटों के फील्ड ट्रायल को मंजूरी दी है। ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, कनाडा, न्यूजीलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में पहले से प्लास्टिक करेंसी का इस्तेमाल हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने 1988 में पहली बार प्लास्टिक नोट जारी किए थे।

Share