Sunday, 29 November 2026
ब्रेकिंग
भारत

हिमालय का सीना चीरकर दौड़ेगी वंदे भारत एक्‍सप्रेस, सुरंग पर आई गुड न्‍यूज,

हिमालय का सीना चीरकर दौड़ेगी वंदे भारत एक्‍सप्रेस, सुरंग पर आई गुड न्‍यूज,

Karnaprayag Rail Project: उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में भारतीय रेलवे को बड़ी सफलता मिली है. परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 की मुख्य खुदाई पूरी कर दोनों छोरों से खोदे गए हिस्सों को आपस में जोड़ दिया गया है.

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना के निर्माण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इस सुरंग के पूरा होने से पहाड़ी क्षेत्र में रेल संपर्क विकसित करने की दिशा में एक और अहम पड़ाव पार हो गया है.

रेल मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सुरंग-14 की खुदाई दो अलग-अलग छोरों से की जा रही थी. इसमें पोर्टल-1 (सुमेरपुर) की ओर से 4.7 किलोमीटर और पोर्टल-2 (मरोड़ा) की ओर से 1.79 किलोमीटर हिस्से की खुदाई की गई. दोनों हिस्सों के जुड़ने के साथ ही 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग में ब्रेकथ्रू हासिल कर लिया गया.

कई चुनौतियों के बीच पूरी हुई खुदाई
सुरंग निर्माण के दौरान इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को कई तकनीकी और भूगर्भीय चुनौतियों का सामना करना पड़ा. पोर्टल-1 की ओर सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी में की गई. इस स्थान पर जमीन के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत मौजूद थी. ऐसे में आसपास के मकानों और बस्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती थी. इस चुनौती से निपटने के लिए खुदाई से पहले विशेष तकनीकी उपाय अपनाए गए. इनमें प्री-एक्सकैवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग तकनीक शामिल थीं. इनके जरिये जमीन की स्थिरता बनाए रखते हुए सुरक्षित तरीके से सुरंग का निर्माण किया गया.

आधुनिक तकनीक का इस्‍तेमाल
वहीं, पोर्टल-2 की ओर मरोड़ा में ढलान को स्थिर करना भी चुनौतीपूर्ण रहा. इसके लिए 30 से 35 मीटर गहराई तक माइक्रोपाइल लगाए गए, जबकि 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का इस्तेमाल किया गया. जमीन धंसने की समस्या के समाधान के साथ भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे सुलझाए जाने के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू हो सकी. पोर्टल-2 की ओर करीब 100 मीटर हिस्से में मशीनों से खुदाई की गई. दोनों पोर्टल के आसपास नियंत्रित विस्फोट तकनीक का इस्तेमाल किया गया. स्थानीय आबादी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लास्टिंग केवल दिन के समय की गई.

प्रोजेक्‍ट पूरा होने पर हजारों-लाखों पर्यटकों को राहत मिलेगी. (फाइल फोटो/PTI)

सुरंग के भीतर हवा और तापमान पर भी नजर
पोर्टल-1 की ओर से 4.7 किलोमीटर लंबे खुदाई अभियान के दौरान सुरंग के भीतर ताजी हवा की आपूर्ति और तापमान नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया था. इससे निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में मदद मिली. ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उद्देश्य उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ना है. इसके पूरा होने से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही राज्य के महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी. इसके अलावा, बेहतर परिवहन संपर्क से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, व्यापार और स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

Reactions

Never miss a story

Share

Comments

Leave a Comment

Just your name and comment — email is not required.