Thursday, 26 November 2026
ब्रेकिंग
दुनिया

ट्रंप का नया टैरिफ प्लान: 14 देशों पर लगेगा अतिरिक्त शुल्क, भारत पर 17% का बोझ

ट्रंप का नया टैरिफ प्लान: 14 देशों पर लगेगा अतिरिक्त शुल्क, भारत पर 17% का बोझ

अमेरिका ने 14 देशों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी की है। इस प्रस्ताव के तहत भारत से होने वाले आयात पर 17 फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। हालांकि, अगर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता नहीं हो पाता है, तो यह दर बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंच सकती है।

अमेरिका ने भारत समेत 14 देशों के लिए नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव सामने रखा है। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इन देशों में उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ रहा है।

अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने बुधवार को सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के आधार पर यह प्रस्ताव जारी किया। इसमें संबंधित देशों पर उत्पादन क्षमता में असंतुलन का आरोप लगाया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, इन देशों के सामानों पर 15 से 20 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। शुल्क की दर अलग-अलग देशों की आर्थिक स्थिति के आधार पर तय की गई है। चीन, वियतनाम और सिंगापुर जैसे देशों के लिए अपेक्षाकृत ऊंची दर रखी गई है।

भारत पर 17% टैरिफ प्रस्ताव, फार्मा-मोबाइल को छूट

भारत को विकासशील देशों की उस श्रेणी में रखा गया है, जिन पर 18 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि, भारत के मामले में यह दर 17 फीसदी रखी गई है। इसके लिए शर्त है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के पहले चरण पर तय समय में हस्ताक्षर हो जाएं। इस प्रस्ताव पर 25 जनवरी 2027 को सुनवाई होगी और फरवरी से नए टैरिफ लागू किए जा सकते हैं।

राहत की बात यह है कि भारतीय दवाओं और मोबाइल फोन के निर्यात को इस अतिरिक्त शुल्क से बाहर रखा गया है। वहीं, अमेरिकी जांच में भारत की पीएलआई योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत अभियान के साथ स्टील, सोलर, हेल्थ और आईसीटी सेक्टर से जुड़ी नीतियों का भी जिक्र किया गया है।

भारत ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोप खारिज किए

दूसरी ओर, भारत सरकार ने देश में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता होने के अमेरिकी आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। सरकार का कहना है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। ऐसे में व्यापार से संबंधित किसी भी मुद्दे का समाधान इसी बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए। फिलहाल भारतीय सरकार यूएसटीआर की ओर से जारी नोटिस और उसमें लगाए गए आरोपों का अध्ययन कर रही है।

Reactions

Never miss a story

Share

Comments

Leave a Comment

Just your name and comment — email is not required.