Auto

28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी; किसानों को सतर्क रहने की सलाह

28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी; किसानों को सतर्क रहने की सलाह

बिहार में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से बिहार में भी मौसम बदल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर तक प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके असर से 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पटना समेत बिहार के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की आशंका जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

अगले दो दिन मौसम रहेगा सामान्य

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड का अहसास हो सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

23 जिलों में बढ़ा अधिकतम तापमान

रविवार को पटना समेत बिहार के 23 जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, 34.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। खेतों में तैयार फसलों को नुकसान से बचाने के लिए उनकी कटाई कर सुरक्षित और सूखी जगह पर रखने की अपील की गई है।

इसके अलावा, किसानों को फिलहाल सब्जियों और अन्य फसलों में अनावश्यक सिंचाई से बचने तथा खेतों में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए।

Share