दिवाली से लेकर भैया दूज और छठ तक, नवंबर में कहां कितने दिन बंद रहेंगे स्कूल
करवा चौथ के साथ ही अक्टूबर का महीना खत्म होने जा रहा है. इसी बीच नवंबर में कई बड़े त्योहार आने वाले हैं. दिवाली से लेकर भाई दूज और बाकी त्योहारों की तैयारी काफी पहले शुरू हो जाती है, इन त्योहारों का सबसे ज्यादा इंतजार बच्चों को होता है.
इस दौरान स्कूलों की भी छुट्टियां होती हैं और बच्चे खूब मस्ती करते हैं. आज हम आपको नवंबर में पड़ने वाली तमाम छुट्टियों की पूरी लिस्ट एक साथ बताने जा रहे हैं. साथ ही ये भी जानेंगे कि किस राज्य में किस त्योहार पर छुट्टी पक्की है.
दिवाली पर देशभर में छुट्टी
दिवाली एक ऐसा त्योहार है, जिसे भारत के लगभग सभी राज्यों में धूमधाम से मनाया जाता है. इस मौके पर हर साल स्कूलों और दफ्तरों की छुट्टी होती है. हालांकि इस बार दिवाली रविवार को आ रही है, ऐसे में पहले ही स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. हालांकि कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां एक साथ छात्रों को कई दिनों की छुट्टियां मिलेंगीं.
महाराष्ट्र, हिमाचल और राजस्थान के छात्रों की मौज
महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के छात्रों को दिवाली से पहले ही छुट्टियां मिलने जा रही हैं. महाराष्ट्र में स्कूलों की छुट्टी का ऐलान किया गया है, जिसमें बताया गया है कि 2 नवंबर से लेकर 14 नवंबर तक स्कूलों की छुट्टियां होंगीं. इसके बाद 15 नवंबर को संडे आएगा, यानी स्कूल 16 नवंबर से ही खुलेंगे. महाराष्ट्र में करीब 13 दिनों के लिए स्कूल बंद रहने वाले हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश में भी 6 नवंबर से लेकर 10 नवंबर तक छुट्टी हो सकती है. यहां दिवाली की कुल चारदिन की छुट्टी मिलती हैं. यानी 6 नवंबर के बाद स्कूल सीधे 11 नवंबर को खुलेंगे.
राजस्थान में भी स्कूलों की लंबी छुट्टी आने वाली है. यहां 4 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे. यानी बच्चों को करीब 12 दिन की छुट्टी मिलने जा रही है. इसी दौरान दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे त्योहार आ रहे हैं.
भाई दूज की छुट्टी
दिवाली के बाद दूसरा बड़ा त्योहार भाई दूज आ रहा है. तमाम राज्यों में भाई दूज के मौके पर महिला टीचर्स को छुट्टी दी जाती है. इस बार 11 नवंबर को ये त्योहार आ रहा है. कुछ राज्यों में पहले ही लंबी छुट्टी के चलते ये त्योहार कवर हो रहा है, वहीं बाकी राज्यों में स्कूल आंशिक तौर पर बंद किए जा सकते हैं. हालांकि इस दिन पब्लिक हॉलिडे नहीं होता है.
बाल दिवस की छुट्टी है या नहीं?
महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे कुछ राज्यों को छोड़ दिया जाए तो देशभर में 14 नवंबर को स्कूल खुले ही रहेंगे. इस दिन स्कूलों में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और बच्चों को उनकी मनपसंद की मिठाई मिलती है.
छठ पूजा पर छुट्टी
दिवाली की तरह इस बार छठ का त्योहार भी रविवार 15 नवंबर को आ रहा है, ऐसे में पूरे देशभर में ही इस दिन छुट्टी रहेगी. बिहार, झारखंड और यूपी के कुछ हिस्सों में इस दिन स्कूल पूरी तरह से बंद रहते हैं. दिल्ली में भी इस दिन की छुट्टी का ऐलान किया जाता है. हालांकि छठ पर्व 14 से लेकर 16 नवंबर तक मनाया जाएगा, ऐसे में बिहार और बाकी जगहों पर स्कूल सोमवार को बंद रह सकते हैं.
नवंबर महीने की बाकी छुट्टियां
नवंबर के महीने की बाकी छुट्टियों की बात करें तो 16 नवंबर को वीरंगाना उदा देवी शहीद दिवस मनाया जाता है, इस मौके पर यूपी के ज्यादातर स्कूलों में छुट्टी होती है. वहीं इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मौके पर छुट्टी रहेगी. इस मौके पर पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूपी समेत कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टी होती है.


