Haryana News: हरियाणा के अस्पतालों में मरीजों को बड़ी सहूलियत, अब घर से ओपीडी रिजिस्ट्रेशन
हरियाणा सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी सहूलियत दी है। अब सरकारी अस्पतालों में ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन घर से ही हो जाएगा। इसके अलावा, अस्पतालों में अब यूपीआई पेमेंट भी लिया जाएगा।
राज्य के कुल 610 स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को ये सुविधाएं मिलेंगी।
610 स्वास्थ्य संस्थानों में सहूलियत
अधिकारियों के मुताबिक, मरीजों के लिए शुरू की गई यह पहल 610 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लंबी कतारों को कम करने और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद करेगी। विभाग ने ई-उपचार अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली से जुड़े 23 जिला नागरिक अस्पतालों, 31 नागरिक एवं उपमंडलीय अस्पतालों तथा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में घर बैठे ओपीडी के लिए अग्रिम पंजीकरण की सुविधा को भी मजबूत किया है।
आसान होगी रजिस्ट्रेशन प्रोसेसस्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने कहा कि इस पहल से अस्पतालों में जाना और आसान हो जाएगा, क्योंकि इससे पंजीकरण की प्रक्रिया सरल होगी, भुगतान काउंटर पर लगने वाला इंतजार का समय कम होगा और पारंपरिक प्रक्रियाओं के लिए डिजिटल विकल्प उपलब्ध होंगे।
पहले वाली सुविधा भी मिलेगी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अस्पतालों में पहले की तरह सीधे पहुंचकर पंजीकरण कराने और नकद भुगतान की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। हरियाणा के सभी 23 जिला नागरिक अस्पतालों, 52 नागरिक एवं उपमंडलीय अस्पतालों, 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 414 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू कर दी गई है।
UPI से भी होगा भुगतानअब मरीज ओपीडी में पंजीकरण, भर्ती रोगी विभाग (आईपीडी) में रजिस्ट्रेशन, चिकित्सकीय-कानूनी मामलों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान यूपीआई के जरिए किया जा सकता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह सुविधा सभी 23 जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में भी शुरू की गई है।


