IND vs PAK, ODI World Cup 2027: भारत-पाकिस्तान मैच का गजब जुनून, 84 लाख लोगों को चाहिए टिकट
सोचिए कि अगले साल 10 अक्टूबर को क्या होगा? ऐसा इसलिए क्योंकि अगले साल 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मैच है, जिसके टिकट 84 लाख लोगों को चाहिए. भारत- पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर 2027 को मुकाबला वनडे वर्ल्ड कप में खेला जाएगा, जो कि जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर होगा.
अब हैरानी इसलिए है क्योंकि वांडरर्स मैदान की क्षमता सिर्फ 34000 दर्शकों की है.
ODI WC 2027 मैच के लिए टिकट की होड़
ICC मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 का फाइनल भी जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर ही 21 नवंबर को होना है, जिसके लिए कुल 9 लाख लोग टिकट की होड़ में हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 अक्टूबर को होगी, जो कि 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल का ही रिपीट होगा. मतलब उसमें ऑस्ट्रेलिया और भारत की टीमें आमने-सामने होंगी.
भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट को लेकर मारामारी
क्रिकेट में हालांकि भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से बढ़कर कोई राइवेलरी नहीं रही है. खासकर तब जब मुकाबला वर्ल्ड कप का हो तो और भी. लेकिन, इस सिक्के का दूसरा पहलू ये भी है कि हाल के दिनों में इन दो चिर-प्रतिद्वन्दियों में घमासान एकतरफा ही दिखा है. पिछली 9 भिड़ंत में पलड़ा भारत का झुका रहा है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आखिरी जीत 2022 के एशिया कप में हासिल की थी. बावजूद इसके ये भारत-पाकिस्तान मैच का नशा ही है, जिसने टिकट को लेकर मारामारी बढ़ा रखी है
भारत-पाक के ग्रुप में ये टीमें
भारत और पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के साथ एक ग्रुप में हैं. वहीं इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड दूसरे ग्रुप में. ग्रुप स्टेज से दोनों ग्रुप से टॉप थ्री टीम के अलावा बेस्ट चौथे नंबर की टीम सुपर-7 स्टेज में जाएगी, जहां से टॉप की 4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी.
2027 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में हो रहा है, जिसके लिए सभी टीमें तैयारी में जुट गई हैं. टीम इंडिया का फोकस वर्ल्ड कप से पहले होने वाले वनडे मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी कमियों को भांपकर उसे दुरुस्त करने में हैं.


