झारखंड-ओडिशा के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, 19 स्टेशनों पर स्टॉपेज
द्रौपदी मुर्मु 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायरंगपुर और बादामपहाड़ में नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी।
इसके साथ ही रायरंगपुर-बादामपहाड़-पुरी नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस रेल सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को पुरी आने-जाने के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। टाटानगर से चाईबासा होते हुए पुरी जाने वाली इस ट्रेन के कुल 19 कमर्शियल स्टॉपेज दिए गए हैं।
राष्ट्रपति 28 अक्टूबर को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर स्थित दांडबोस हवाई पट्टी पर पहुंचेंगी। यहां से वह बहलदा स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगी।इसके बाद महुलडीहा स्थित लक्ष्मी मंडप का दौरा और अपने निजी आवास पर कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन वह रक्षा मेगा हेल्थ कैंप एवं नेत्र चिकित्सा शिविर के समापन समारोह में भी शामिल होंगी।
खेल छात्रावास की करेंगी घोषणादौरे के दूसरे दिन 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायरंगपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नए खेल छात्रावास की घोषणा करेंगी। इसके अलावा बहु-कौशल विकास केंद्र का दौरा भी कार्यक्रम में शामिल है।


