धर्म

Karwa Chauth : 28 या 29 अक्टूबर, कब है करवा चौथ? जानें सही तारीख

Karwa Chauth : 28 या 29 अक्टूबर, कब है करवा चौथ? जानें सही तारीख

Karwa Chauth 2026: करवा चौथ का त्योहार हर साल सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं।

त्योहार आने से कई दिन पहले ही पूजा और श्रृंगार की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। लेकिन इस बार करवा चौथ की तारीख को लेकर लोगों के बीच थोड़ी उलझन बनी हुई है।कुछ लोग 28 अक्टूबर को व्रत रखने की बात कह रहे हैं, तो कुछ 29 अक्टूबर को सही तारीख बता रहे हैं। ऐसे में महिलाओं के मन में सवाल है कि सरगी कब खानी है, पूजा किस समय करनी है और चांद कब निकलेगा। आइए पंचांग के अनुसार जानते हैं करवा चौथ की सही तारीख और पूजा से जुड़ी जरूरी जानकारी।

करवा चौथ 28 या 29 अक्टूबर को?

साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा। यह त्योहार कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इसी दिन कार्तिक संकष्टी चतुर्थी भी होती है। पंचांग के अनुसार, चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर को रात 1 बजकर 6 मिनट पर शुरू होगी और उसी दिन रात 10 बजकर 9 मिनट पर समाप्त होगी।

कुछ लोग चतुर्थी तिथि की शुरुआत को लेकर 28 अक्टूबर की रात बता रहे हैं। हालांकि, अंग्रेजी कैलेंडर में रात 12 बजे के बाद अगली तारीख शुरू हो जाती है। इसलिए रात 1:06 बजे का समय 29 अक्टूबर का ही होगा।

29 अक्टूबर को ही क्यों रखा जाएगा व्रत?

हिंदू पंचांग में व्रत और त्योहार तय करते समय सूर्योदय के समय मौजूद तिथि का विशेष महत्व होता है। इसे उदयातिथि कहा जाता है। 9 अक्टूबर को सूर्योदय के समय चतुर्थी तिथि रहेगी। इसके अलावा इसी दिन चतुर्थी तिथि के दौरान चंद्रोदय भी होगा।

करवा चौथ पर चंद्रमा की पूजा और उसे अर्घ्य देना जरूरी माना जाता है। इसलिए उदयातिथि और चंद्रोदय, दोनों के आधार पर 29 अक्टूबर को व्रत रखा जाएगा।

सरगी खाने का शुभ समय

करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाएं सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण करती हैं। इसके बाद पूरे दिन बिना अन्न और जल के व्रत रखने की परंपरा है। 29 अक्टूबर को सूर्योदय का समय सुबह 6 बजकर 31 मिनट बताया गया है। इसलिए सरगी इससे पहले खा लेनी चाहिए।सरगी के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 48 मिनट से 5 बजकर 39 मिनट तक रहेगा। महिलाएं इस समय उठकर स्नान और सरगी की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं। इसके बाद व्रत का संकल्प लिया जाता है और सूर्योदय से निर्जला व्रत शुरू होता है।

करवा चौथ 2026 पूजा मुहूर्त

करवा चौथ की पूजा शाम के समय की जाती है। इस दिन महिलाएं माता करवा और भगवान शिव-पार्वती की पूजा करती हैं तथा करवा चौथ की कथा सुनती हैं।

29 अक्टूबर के प्रमुख शुभ समय इस प्रकार हैं।

ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4:48 से 5:39 बजे तक

सूर्योदय: सुबह 6:31 बजे

अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:42 से दोपहर 12:27 बजे तक

करवा चौथ पूजा मुहूर्त: शाम 5:38 से 6:56 बजे तक

अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: शाम 5:38 से 7:15 बजे तक

शाम की पूजा के दौरान महिलाओं को अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त भी मिलेगा। इसलिए शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे के बीच पूजा करना शुभ माना गया है।

करवा चौथ पर चांद कब निकलेगा?

करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को सबसे ज्यादा इंतजार चांद निकलने का रहता है। चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद ही अधिकतर महिलाएं अपना व्रत खोलती हैं। पंचांग के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को रात 8 बजकर 17 मिनट पर चंद्रोदय होगा।

करवा चौथ का पारण कब करें?

करवा चौथ का व्रत खोलने की दो परंपराएं प्रचलित हैं। अधिकतर महिलाएं सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखती हैं। इस परंपरा के अनुसार, 29 अक्टूबर को सुबह 6:31 बजे से व्रत शुरू होगा और रात 8:17 बजे चांद निकलने के बाद पूजा करके पारण किया जा सकेगा।

Share