Jio का ₹500 vs Airtel का ₹489 प्लान: एक में 77 दिन की वैलिडिटी तो दूसरे में AI
Reliance Jio का 500 रुपये वाला प्रीपेड प्लान और Bharti Airtel का 489 रुपये वाला प्रीपेड प्लान कीमत के मामले में एक-दूसरे के बेहद करीब हैं। यही वजह है कि मन में ये स्वाभाविक सवाल उठता है कि दोनों में से कौन सा बेहतर है और आपको किस प्लान के साथ जाना चाहिए? जब हम इन दोनों प्लान्स के फायदों को गहराई से समझते हैं, तो साफ हो जाता है कि ये दोनों एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं और अलग-अलग तरह के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इन दोनों प्लान्स में बस एक ही समानता है कि दोनों यूजर्स को सर्विस वैलिडिटी ऑफर करते हैं। आइए इन दोनों प्रीपेड प्लान्स के बेनिफिट्स पर विस्तार से नजर डालते हैं।
Reliance Jio के 500 रुपये वाले प्रीपेड प्लान के फायदे
Reliance Jio का 500 रुपये वाला प्रीपेड प्लान 28 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान में डेली 2GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और डेली 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा, एलिजिबल यूजर्स के लिए अनलिमिटेड 5G डेटा भी दिया जाता है।
इस 500 रुपये वाले प्लान की सबसे बड़ी खासियत इसके साथ मिलने वाले बंपर OTT और डिजिटल बेनिफिट्स हैं। इसमें YouTube Premium और Amazon Prime Video Mobile Edition (PVME) शामिल हैं। साथ ही JioTV एप के जरिए SonyLIV, Zee5 (स्पोर्ट्स को छोड़कर), SunNXT, Lionsgate Play, Discovery+, Kanchha Lannka, ETVWin, Chaupal, FanCode, Tarang Plus, Times Play और Hoichoi का एक्सेस मिलता है। इसके अलावा प्लान में JioHotstar Mobile + Hollywood भी बंडल किया गया है।
इतना ही नहीं, ये प्लान 35,100 रुपये की वैल्यू वाला 18 महीने का Google Gemini AI Pro सब्सक्रिप्शन भी देता है, जिसमें 5000GB (5TB) क्लाउड स्टोरेज और दूसरे फीचर्स शामिल हैं। साथ ही 1,590 रुपये की वैल्यू वाला 12 महीने का Canva Pro Lite भी इसमें दिया जा रहा है।
Bharti Airtel के 489 रुपये वाले प्रीपेड प्लान के फायदे
दूसरी तरफ, Bharti Airtel का 489 रुपये वाला प्रीपेड प्लान 77 दिनों की लंबी सर्विस वैलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान में पूरी वैलिडिटी के लिए एकमुश्त 6GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और टोटल 600 SMS दिए जाते हैं। हालांकि, इस प्रीपेड प्लान के साथ कोई बड़ा एडिशनल या OTT बेनिफिट बंडल नहीं किया गया है।
Jio बनाम Airtel: किसका प्लान है ज्यादा बेहतर?
Jio जहां 500 रुपये में 28 दिनों की सर्विस वैलिडिटी ऑफर कर रहा है, वहीं Airtel का 489 रुपये वाला प्रीपेड प्लान सीधे 77 दिनों की वैलिडिटी देता है। यानी वैलिडिटी के मामले में Airtel पूरी तरह से बाजी मार लेता है।लेकिन अगर वैल्यू-एडेड सर्विसेज और एंटरटेनमेंट की बात करें, तो Jio अपने यूजर्स को भारी-भरकम एडिशनल बेनिफिट्स दे रहा है।


