Friday, 27 November 2026
ब्रेकिंग
हरियाणा

पंचकूला के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेंगी दो इलेक्ट्रिक बसें,  मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

पंचकूला के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेंगी दो इलेक्ट्रिक बसें,  मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के एक साथ दर्शन कराने के लिए बेहतर, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में आज श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर, पंचकूला स्थित संस्कृत गुरुकुल से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा श्री माता मनसा देवी मंदिर से शुरू होकर चंडी माता मंदिर और पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित श्री काली माता मंदिर तक संचालित होगी।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य परिवहन के  सेक्टर-5, पंचकूला स्थित नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला मां शक्ति की उपासना का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की वादियों में मां के विभिन्न स्वरूपों का वास है , जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर शीश नवाने आते हैं। श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के एक साथ दर्शन करने में परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अलग-अलग स्थानों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों पर निर्भरता और बार-बार परिवहन के साधन बदलने की परेशानी के कारण कई श्रद्धालु सभी मंदिरों के दर्शन नहीं कर पाते थे।
 
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज दो प्रदूषण-मुक्त इलेक्ट्रिक बसों की सेवा शुरू की गई है। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य और ‘लाइफ (LiFE)-पर्यावरण के लिए जीवनशैली’ के मंत्र को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सुविधाजनक समय-सारणी और डिजिटल व्यवस्था है। दोनों बसें प्रतिदिन छह चक्कर लगाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष क्यूआर कोड भी जारी किया गया है, जिसे स्कैन करके श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन पर बस की वास्तविक लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
 
यह बस सेवा पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंचकूला के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को आवागमन का सुगम और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्षा श्रीमती बंतो कटारिया, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त श्री पंकज नैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजय मित्तल, परिवहन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री राजेश पूनिया, हरियाणा सिटी बस सर्विस के अतिरिक्त सीईओ श्री अशोक बंसल, हरियाणा रोडवेज पंचकूला के महाप्रबंधक श्री सुखदेव सिंह, श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर कालका के सचिव श्री पृथ्वी राज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Reactions

Never miss a story

Share

Comments

Leave a Comment

Just your name and comment — email is not required.