Friday, 27 November 2026
ब्रेकिंग
भारत

राशन कार्डधारकों के लिए बड़ा अलर्ट, छह माह राशन नहीं उठाया तो बदल जायेगी कार्ड की स्थिति

राशन कार्डधारकों के लिए बड़ा अलर्ट, छह माह राशन नहीं उठाया तो बदल जायेगी कार्ड की स्थिति

राशन कार्डधारकों के लिए सरकार ने नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब लगातार छह माह तक राशन उठाव नहीं करने वाले लाभुकों के राशन कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य कर दिये जायेंगे.

ऐसे लाभुकों को अपनी पात्रता साबित करने के लिए तीन माह का समय मिलेगा. खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने लक्षित जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन कार्डों के सत्यापन, ई-केवाईसी, नये राशन कार्ड जारी करने और जनवितरण प्रणाली दुकानदारों की अनुज्ञप्ति हस्तांतरण से संबंधित प्रावधानों में संशोधन किया है. इस संबंध में विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने अधिसूचना जारी की है.नये प्रावधानों के तहत पात्र परिवारों की सूची का नियमित पुनरीक्षण किया जायेगा. साथ ही प्रत्येक पांच वर्ष में अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराना होगा. 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक कोई सदस्य अलग राशन कार्ड रखने का पात्र नहीं होगा. पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार नंबर उपलब्ध होने पर दर्ज किया जायेगा. वहीं, पांच वर्ष की उम्र पूरी होने के एक वर्ष के भीतर बच्चों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा.छह माह राशन नहीं लिया तो कार्ड होगा अस्थायी अयोग्यऐसे लाभुक जिन्होंने पिछले छह माह में राशन लेने की पात्रता का उपयोग नहीं किया है, उनके राशन कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य कर दिये जायेंगे. इसके बाद अगले तीन माह के भीतर क्षेत्रीय सत्यापन और ई-केवाईसी के माध्यम से कार्ड का पुनर्मूल्यांकन किया जायेगा. पात्रता की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी.

राज्य के अंदर या बाहर डुप्लीकेट लाभुक के रूप में चिह्नित लोगों के राशन कार्ड भी अस्थायी रूप से अयोग्य किये जायेंगे. ऐसे लाभुकों को आवश्यक दस्तावेज और ई-केवाईसी उपलब्ध कराकर अपनी पात्रता साबित करने के लिए तीन माह का समय दिया जायेगा.

नये राशन कार्ड के लिए सार्वजनिक होगी प्रतीक्षा सूची

राशन कार्ड जारी करने में अब प्रथम आवक, प्रथम जावक (फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट) पद्धति अपनायी जायेगी. आवेदन के आधार पर पारदर्शी प्रतीक्षा सूची सार्वजनिक पोर्टल पर प्रदर्शित की जायेगी. इससे आवेदक वास्तविक समय में अपने आवेदन की स्थिति जान सकेंगे. हालांकि, विशेष परिस्थितियों में पात्र कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्राथमिकता दी जा सकेगी.

राशन दुकानदार की अनुज्ञप्ति हस्तांतरण के नियम भी बदले

जनवितरण प्रणाली दुकानदार की अनुज्ञप्ति सामान्य तौर पर हस्तांतरित नहीं होगी. हालांकि, असाध्य रोग, शारीरिक अक्षमता, चलने-फिरने में असमर्थता अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में दुकानदार अपने भरण-पोषण के लिए अनुज्ञप्ति हस्तांतरित कर सकेगा.

अनुज्ञप्ति आश्रित बेरोजगार पति, पत्नी, पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा बहू, विधवा पुत्री या परित्यक्ता पुत्री को हस्तांतरित की जा सकेगी. अविवाहित दुकानदार के मामले में आश्रित माता-पिता को भी इसका लाभ मिलेगा. निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद लिये गये पुत्र या अविवाहित पुत्री को भी अनुज्ञप्ति हस्तांतरित की जा सकेगी.

चिकित्सीय आधार पर अनुज्ञप्ति हस्तांतरण के लिए सक्षम चिकित्सा पदाधिकारी का प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा. अनुज्ञापन पदाधिकारी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और संतुष्टि के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत हस्तांतरण की अनुमति देंगे. विभागीय मंत्री के अनुमोदन के बाद जारी अधिसूचना को झारखंड राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है.

Reactions

Never miss a story

Share

Comments

Leave a Comment

Just your name and comment — email is not required.