NCR में रैपिड रेल का महाविस्तार! गाजियाबाद बनेगा नमो भारत का सबसे बड़ा हब
NcR Rapid Rail Expansion: दिल्ली-NCR में आने वाले समय में सफर की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है. अभी जिन शहरों तक पहुंचने में सड़क पर घंटों लग जाते हैं, वहां नमो भारत रैपिड रेल के जरिए पहुंचना काफी आसान हो सकता है.
इस नेटवर्क के विस्तार में गाजियाबाद सबसे अहम भूमिका निभाने जा रहा है. दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के बाद यहां से खुर्जा, हापुड़ और जेवर एयरपोर्ट तक नए कॉरिडोर बनाने की योजना है. इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है.
गाजियाबाद बनेगा NCR का बड़ा ट्रांजिट हब
गाजियाबाद पहले से ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन है. अब प्रस्तावित नए रूट इसे NCR के बड़े ट्रांसपोर्ट केंद्र में बदल सकते हैं. इन परियोजनाओं में कुछ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है. वहीं कुछ प्रस्तावित चरण में हैं.
गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान
सबसे अहम प्रस्तावित रूट गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का है. करीब 72.45 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें 12 रैपिड रेल और 10 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे. यह रूट सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, परी चौक और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र से होकर जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगा. योजना के मुताबिक, गाजियाबाद से एयरपोर्ट का सफर करीब 60 से 70 मिनट में पूरा हो सकेगा. इसके लिए 2030 तक का लक्ष्य बताया गया है.
हापुड़ और खुर्जा तक भी दौड़ेगी रैपिड रेल
गाजियाबाद-हापुड़ कॉरिडोर करीब 57 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है. इसमें तीन मुख्य स्टेशन बनाने की योजना है. इससे नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को फायदा मिल सकता है. वहीं, गाजियाबाद से खुर्जा तक करीब 83 किलोमीटर का रूट प्रस्तावित है. इसके चार स्टेशनों के जरिए बुलंदशहर और खुर्जा के औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है.
दिल्ली-मेरठ रूट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर NCR की पहली चालू RRTS सेवा है. करीब 82 किलोमीटर के इस रूट पर दिल्ली से मेरठ तक का सफर लगभग 55 मिनट में पूरा होता है. आगे इसके विस्तार की योजनाओं पर भी काम हो रहा है.
बड़े शहरों को जोड़ने की तैयारी
गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को भी नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने की योजना है. इन परियोजनाओं के पूरा होने पर NCR के अलग-अलग शहरों के बीच आवाजाही आसान हो सकती है. हालांकि, प्रस्तावित कॉरिडोर अभी निर्माण और मंजूरी की प्रक्रिया से गुजरेंगे



Comments
Leave a Comment