राजस्थान : इसे कहते हैं ‘किस्मत’ चमकना, Rlp की कृष्णा अकेली जीतकर भी बन सकती है प्रधान, कांग्रेस के साथ हुआ गजब खेला
राजसमंद कहते हैं कि राजनीति में ‘सियासी’ समीकरण बेहद अहम होते हैं. लेकिन जनाब राजनीति में ‘किस्मत’ का भी बड़ा हाथ होता है. अगर आपके सितारे बुंलद हैं तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको आपकी मनचाही कुर्सी से महरूम नहीं कर सकती.
इसका ताजा उदाहरण राजस्थान पंचायत चुनाव में देखने का मिला है. राजस्थान में 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में आज प्रधानों के चुनाव हो रहे हैं. यहां राजसमंद के देलवाड़ा पंचायत समिति में अनोखा समीकरण और संयोग सामने आया है.देलवाड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भी प्रधान पद के लिए अपनी पार्टी का प्रत्याशी खड़ा नहीं कर पा रही है. उसे मजबूरी में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की जीती हुई एकमात्र सदस्य कृष्णा देवी को पार्टी ज्वॉइन करवाकर प्रधान प्रत्याशी घोषित करना पड़ा है. इसकी कहानी बड़ी दिलचस्प है. दरसअल देलवाड़ा पंचायत समिति में 15 वार्ड हैं. इन 15 वार्ड में से कांग्रेस ने 9 वार्डों में धमाकेदार जीत दर्ज कराकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया. यहां पांच सीटें बीजेपी के खाते में आई है. जबकि एक सीट आरएलपी की खाते में गई. आरएलपी की जीती सदस्य कृष्णा कुमारी अनुसूचित जाति वर्ग से है.
कांग्रेस की एससी प्रत्याशी की हार ने बिगाड़ दिया खेल
यहां कांग्रेस जीत को गई लेकिन उसकी किस्मत दगा दे गई. देलवाड़ा पंचायत समिति का प्रधान पद अनुसूचित जाति (एससी) महिला के लिए आरक्षित है. यहां कांग्रेस की इस वर्ग की महिला प्रत्याशी वंदना खटीक चुनाव हार गई. कांग्रेस की ओर से प्रधान पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रही वार्ड-6 की प्रत्याशी वंदना खटीक को भाजपा की रानी देवी खटीक के हाथों 263 वोटों से हार का सामना करना पड़ा. रानी देवी खटीक को 1414 वोट मिले जबकि वंदना खटीक 1151 वोट ही हासिल कर सकीं. इस एक हार ने कांग्रेस का पूरा गणित बिगाड़ दिया. क्योंकि कांग्रेस के जीते हुए 9 उम्मीदवारों में से एक भी एससी महिला नहीं है.
कांग्रेस ने कृष्णा देवी को घोषित किया अपना प्रत्याशी
अब कांग्रेस के पास बहुमत तो है लेकिन प्रधान पद के लिए प्रत्याशी नहीं है. दूसरी तरफ बीजेपी के पास एससी महिला सदस्य तो है लेकिन वह बहुमत में नहीं है. ऐसे में कांग्रेस को भाजपा को सत्ता से दूर रखने और अपना बोर्ड बनाने के लिए आरएलपी की इकलौती विजेता कृष्णा के सहारे की जरूरत थी. आरएलपी की कृष्णा देवी ही एक मात्र ऐसी जीती हुई सदस्य हैं जो प्रधान पद के लिए आरक्षित श्रेणी में आती हैं. लिहाजा कांग्रेस उसे अपनी पार्टी में लेकर प्रधान पद के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है.
क्रॉस वोटिंग बिगाड़ सकती है पूरा खेल
बीजेपी की तरफ से रानी देवी खटीक प्रधान प्रत्याशी बनाई गई हैं. लेकिन उसके पास बहुमत नहीं है. अब कांग्रेस से अगर क्रॉस वोटिंग हो जाती है तो बाजी फिर पलट सकती है. अन्यथा अब कृष्णा देवी का प्रधान बनने की राह लगभग साफ हो गई है. अगर ऐसा होता है तो कृष्णा प्रधान बनकर नया इतिहास रचेगी. हालांकि देलवाड़ा में क्रॉस वोटिंग की संभावनााओं से इनकार किया जा रहा है लेकिन यह तो आने वाले समय बताएगा कि क्या होगा और क्या नहीं.
चूरू है क्रॉस वोटिंग का सबसे बड़ा उदाहरण
उल्लेखनीय है कि राजस्थान निकाय और पंचायत चुनावों में जमकर क्रॉस वोटिंग हुई है. इससे कई जगह कांग्रेस और बीजेपी के बने बनाए सियासी समीकरण बिगड़ गए. चूरू जिला परिषद इसका बड़ा उदाहरण है. वहां कांग्रेस बहुमत में होते हुए भी अपना जिला प्रमुख नहीं बना और बाजी बीजेपी के दिग्गज नेता राजेन्द्र राठौड़ जीत ले गए. वहां जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के पांच सदस्यों ने बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी थी. इससे कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव हार गया गया था और राजेन्द्र राठौड़ के बेटे की बहू कनिका सिंह जिला प्रमुख बन गई थी.



Comments
Leave a Comment