Haryana

हरियाणा में दिवाली से पहले बढ़ी ठिठुरन: चक्रवात ”अर्नब” और Western Disturbance बढ़ाएंगे ठंड

हरियाणा में दिवाली से पहले बढ़ी ठिठुरन: चक्रवात ”अर्नब” और Western Disturbance बढ़ाएंगे ठंड

हरियाणा में इस बार दिवाली से पहले ही ठंड ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद प्रदेश में पहली बार न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.4°C की गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग और कृषि मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हिसार का बालसमंद क्षेत्र 12.7°C न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा दर्ज किया गया है। पिछले दो दिनों में हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि को इस अचानक आई तापमान गिरावट की मुख्य वजह माना जा रहा है।

28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 30 और 31 अक्टूबर राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से दिन और रात दोनों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, इस समय दो अलग-अलग मौसमी गतिविधियां मौसम को प्रभावित कर रही हैं। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है, जिसका आंशिक असर हरियाणा के हवा के रुख और नमी पर पड़ सकता है। 29 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यदि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के प्रभाव से आने वाली नमी वाली हवाएं एक साथ मिलती हैं, तो प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और दिवाली तक ठंड का असर काफी बढ़ जाएगा।

Share