Today Weather: राजस्थान-उत्तराखंड में आंधी-पानी, 4 नवंबर को 19 राज्यों में बदलेगा मौसम
Mausam: मानसून बोरिया-बिस्तर बांध कर अपने घर जा चुका है. ठंड ने पूरे देश में दस्तक दे दी है. लेकिन मौसम तो अभी भी बारिश-तूफान वाला बना हुआ है. एक के बाद एक लगातर तूफान आ रहे हैं.
पहले तूफान अर्नब और अब तूफान मुरासु मौसम खराब करने में लगा हुआ है. मौसम विभाग (IMD) ने 4 नवंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों समेत कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है. सबसे ज्यादा ध्यान राजस्थान और उत्तराखंड पर है. राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. वहीं उत्तराखंड में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. यानी मौसम का यह बदलाव सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहने वाला है.
दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम और तूफान मुरसु के असर से पूर्वी तथा दक्षिण भारत में मौसम खराब बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश के तट पर मुरसु के टकराने के बाद कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला है. ओडिशा में भी प्रशासन ने पहले से एहतियाती कदम उठाए हैं. राज्य के दक्षिणी हिस्सों में एक लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश और तेज हवा की संभावना है.
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और तेज हवाओं के आसार
दिल्ली में 4 नवंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजधानी में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. फिलहाल राजधानी में भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है.
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| मुंबई | 34°C | 26°C |
| दिल्ली | 30°C | 17°C |
| शिमला | 21°C | 10°C |
| पटना | 30°C | 19°C |
| भोपाल | 29°C | 17°C |
| चेन्नई | 31°C | 27°C |
| जयपुर | 31°C | 18°C |
| रांची | 27°C | 18°C |
| कोलकाता | 30°C | 23°C |
| लखनऊ | 31°C | 18°C |
उत्तर प्रदेश में 25 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 4 नवंबर को कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. गोरखपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, कुशीनगर और देवरिया में मौसम बिगड़ सकता है. पश्चिमी यूपी के बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में भी आंधी और बारिश की संभावना है. आगरा, मथुरा, कानपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, बाराबंकी, उन्नाव और फिरोजाबाद में भी अलर्ट है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में 19 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
बिहार में भी 4 नवंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. पटना, गया, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर और वैशाली में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है. मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में भी मौसम बदल सकता है. वहीं पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और लखीसराय के लिए भी चेतावनी दी गई है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
झारखंड में 4 और 5 नवंबर तक जारी रह सकता है असर
झारखंड में 4 और 5 नवंबर को कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है. रांची, साहेबगंज, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला, पलामू और पूर्वी सिंहभूम में मौसम खराब हो सकता है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है. रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
पश्चिम बंगाल में 70 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
पश्चिम बंगाल में भी बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर दिखाई दे सकता है. मालदा, बीरभूम, हावड़ा और कोलकाता में बारिश की संभावना है. दार्जिलिंग, नादिया, दुर्गापुर, कालिम्पोंग, पुरुलिया और मुर्शिदाबाद में भी मौसम बदल सकता है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
राजस्थान में 70 KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
राजस्थान में 4 नवंबर को मौसम का मिजाज बदल सकता है. जयपुर, झुंझुनू, अजमेर, सीकर और सवाई माधोपुर में आंधी और बारिश का अलर्ट है. चूरू, टोंक, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर में भी मौसम खराब हो सकता है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. जयपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश में कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 4 नवंबर को बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. छतरपुर, दमोह, उमरिया, सिंगरौली, शिवपुरी, कटनी और बैतूल में मौसम बदलने की संभावना है. खंडवा, इंदौर, नर्मदापुरम, रायसेन, मुरैना, धार, हरदा और उज्जैन में भी बारिश का अलर्ट दिया गया है. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
पंजाब में भी बारिश और तेज हवाओं का असर
पंजाब के कई जिलों में 4 नवंबर को मौसम बदल सकता है. अमृतसर, मानसा, लुधियाना, जालंधर, पटियाला और मलेरकोटला में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कपूरथला और पठानकोट में भी मौसम का असर दिख सकता है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. हालांकि पंजाब के लिए राजस्थान और उत्तराखंड जैसी तेज हवाओं का अलर्ट नहीं है.
उत्तराखंड में 80 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
उत्तराखंड में 4 नवंबर को मौसम काफी सक्रिय रह सकता है. अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, देहरादून और पिथौरागढ़ में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है. चमोली, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में भी मौसम बिगड़ सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. पहाड़ी क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश से पेड़ गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है. देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हिमाचल में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला, सोलन, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, चंबा और मंडी में बारिश की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है.
जम्मू-कश्मीर में कई जिलों में बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में 4 और 5 नवंबर को मौसम खराब रह सकता है. अनंतनाग, डोडा, जम्मू, पुंछ, बारामूला, गांदरबल, उधमपुर, किश्तवाड़ और रियासी में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर में अरुणाचल से त्रिपुरा तक बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत में भी अगले दिनों मौसम सक्रिय रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ पहाड़ी और निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में मुरासु के बाद भी भारी बारिश का खतरा
दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मुरासु के असर से मौसम में हलचल बनी हुई है. IMD के मुताबिक मुरसु आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास तट से टकराया. इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची और कुछ झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज किए गए. तूफान के कारण कई जगह पेड़ उखड़ने और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने की खबर है. आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी बारिश का असर है. राज्य में एक लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है.


