Weather

हरियाणा-एनसीआर में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान, पढ़ें अगले एक हफ्ते का वेदर अपडेट

हरियाणा-एनसीआर में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान, पढ़ें अगले एक हफ्ते का वेदर अपडेट

हरियाणा-एनसीआर में आगामी दिनों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के बाद 18 अक्टूबर से वर्षा की गतिविधियों में कमी आई है।

आगामी दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट आने के आसार हैं। हालांकि अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 24 अक्टूबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

वहीं, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। हालांकि इसका वास्तविक असर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और उस समय बनने वाली मौसमी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से पहुंचेगी नमी

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से मैदानी राज्यों में नमी पहुंचेगी। अनुकूल मौसमी परिस्थितियां बनने पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे अक्टूबर के अंतिम दिनों में हरियाणा-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि अभी प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना कम है।

उत्तरी हरियाणा में दिख सकता है असर

24 अक्टूबर को सक्रिय होने वाले कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर सहित उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद महीने के अंतिम दिनों में मौसम में दोबारा बदलाव की संभावना है।

फिलहाल मौसम शुष्क रहने के कारण दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी हो सकती हैं। रात के तापमान में मामूली गिरावट से दिन और रात के तापमान का अंतर बढ़ेगा। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर सुबह और शाम के समय अधिक महसूस हो सकता है।

किसानों को आगामी दिनों में मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है। हिसार में रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं सिरसा में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस बना रहा। लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

Share