India

NCR में दौड़ेगी नमो भारत! दिल्ली-पानीपत से जेवर एयरपोर्ट और गुरुग्राम तक बिछेगा रैपिड रेल का जाल, इन 4 नए रूट की डिटेल जानिए

NCR में दौड़ेगी नमो भारत! दिल्ली-पानीपत से जेवर एयरपोर्ट और गुरुग्राम तक बिछेगा रैपिड रेल का जाल, इन 4 नए रूट की डिटेल जानिए

नमो भारत ट्रेन के तीन साल पूरे, NCR में 4 नए कॉरिडोर के विस्तार की तैयारी

NCRTC ने नमो भारत ट्रेन के संचालन के तीन साल पूरे होने पर ‘नमो भारत दिवस 2026’ मनाया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों तथा बिजली मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, NCRTC की चेयरपर्सन डी. थारा और शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह शामिल हुए।

NCRTC के मैनेजिंग डायरेक्टर शलभ गोयल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर नमो भारत ट्रेन के तीन साल के सफर, इसकी उपलब्धियों और क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में इसके योगदान पर चर्चा की गई। साथ ही, आने वाले समय में इसके नेटवर्क के विस्तार की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

नमो भारत ट्रेन की तेज और भरोसेमंद सेवा से यात्रियों का सफर पहले से आसान हुआ है। इसके जरिए लोग अपने दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों और कारोबार से जुड़े स्थानों तक कम समय में पहुंच पा रहे हैं, जिससे यात्रा में लगने वाला समय भी बच रहा है।

इन 4 नए कॉरिडोर पर विस्तार की तैयारी

आने वाले समय में NCR में नमो भारत नेटवर्क का और विस्तार होने की उम्मीद है। दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिल सकती है। वहीं, गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम जारी है।

नमो भारत ट्रेन की शुरुआत अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे हिस्से पर हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे कॉरिडोर पर सेवा शुरू की गई। 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो के साथ 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को देश को समर्पित किया।

फिलहाल, नमो भारत ट्रेन से हर दिन 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। हाल ही में इसने एक दिन में करीब 1.68 लाख यात्रियों के सफर का रिकॉर्ड भी बनाया।

नमो भारत ट्रेन के तीन साल के सफर की उपलब्धियां

कार्यक्रम के दौरान NCRTC ने नमो भारत ट्रेन के तीन साल के सफर और इस दौरान हासिल की गई उपलब्धियों को साझा किया। इनमें यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना, दूसरे परिवहन साधनों के साथ कनेक्टिविटी बढ़ाना और स्टेशनों तक पहुंचने के लिए आसान साधन उपलब्ध कराना शामिल रहा।

सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए ट्रैक पर सोलर सिस्टम लगाने और 110 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र विकसित करने की योजना पर भी प्रकाश डाला गया। इन पहलों और परियोजना की प्रगति को एक विशेष फिल्म के जरिए दिखाया गया। इसमें नमो भारत सेवा को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों और नई तकनीकों की जानकारी दी गई।

Share