India

कर्मभूमि एक्सप्रेस में अग्निकांड के बाद 10 ट्रेनों के बदले रूट, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

कर्मभूमि एक्सप्रेस में अग्निकांड के बाद 10 ट्रेनों के बदले रूट, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार को सराय बंजारा स्टेशन के पास आग लग गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे ने अलर्ट जारी किया।

सरहिंद-अंबाला रेलखंड पर परिचालन प्रभावित होने से 10 ट्रेनों के रूट बदले गए।

इनमें सात डाउन और तीन अप ट्रेनें शामिल थीं। ट्रेन के चार कोचों में आग लगने के बाद उन्हें अलग किया गया और शेष ट्रेन रवाना की गई। प्रभावित यात्रियों को आगे की यात्रा कराने के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं।

आग लगने की घटना सरहिंद-राजपुरा के बीच हुई। इससे अमृतसर, जम्मू, कटरा और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कुछ समय बाद ट्रेनों को चंडीगढ़ होकर डायवर्ट किया गया। जिनमें अमृतसर-दिल्ली ट्रेन संख्या 14680 को सरहिंद-न्यू मोरिंडा-चंडीगढ़-अंबाला मार्ग से चलाया गया।

ये ट्रेन भी प्रभावित

अमृतसर-जयनगर ट्रेन संख्या 04652, अमृतसर-टाटानगर ट्रेन संख्या 18104, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-डा. अंबेडकर नगर ट्रेन संख्या 12920 और अमृतसर-जयनगर ट्रेन संख्या 14674 को सरहिंद-लुधियाना-चंडीगढ़-अंबाला होकर निकाला गया। श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन संख्या 12472 और चंडीगढ़-वाराणसी ट्रेन संख्या 14624 का मार्ग भी बदला गया।

अप दिशा में कोलकाता-अंब अंदौरा ट्रेन संख्या 12325 को अंबाला-चंडीगढ़-मोरिंडा मार्ग से चलाया गया। कटिहार-अमृतसर ट्रेन संख्या 05736 को अंबाला-चंडीगढ़-न्यू मोरिंडा-लुधियाना-सरहिंद के रास्ते भेजा गया। अंबाला-कटरा ट्रेन संख्या 14501 को भी अंबाला-चंडीगढ़-मोरिंडा मार्ग से निकाला गया।

दो विशेष ट्रेनें लगाई गईं

रेलवे के अनुसार, जिन कोचों में आग लगी थी, उनमें करीब 1500 यात्री सवार थे। सुरक्षा के लिए दोनों ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइनों की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। गार्ड और लोको पायलट ने प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग किया। ट्रेन को वापस सराय बंजारा स्टेशन लाया गया। पंजाब राज्य प्रशासन ने मौके पर एम्बुलेंस, दमकल कर्मियों और पुलिस बल को भेजा। सभी यात्रियों को बसों के माध्यम से वापस रेलवे स्टेशन चलाया गया। यात्रियों को सुरक्षित आगे पहुंचाने के लिए सराय बंजारा से न्यू जलपाईगुड़ी तक दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं।

अंबाला छावनी स्टेशन पर लगी भीड़

हादसे के कारण अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी हुई। पूछताछ केंद्र पर कतारें लगी रहीं और प्लेटफार्म से बाहर तक भीड़ रही। स्थिति संभालने के लिए रेलवे अधिकारियों ने आरपीएफ के साथ मोर्चा संभाला। यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार करते रहे।

चार घंटे से कर रहे ट्रेन का इंतजार : विमल

बिहार के समस्तीपुर निवासी विमल ने बताया कि वह 12 बजे स्टेशन पर आए थे। लेकिन, उन्हें बिहार जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं मिल रही। शाम को पता चला कि ट्रेन लेट हो रही है।

कटरा स्पेशल का नहीं चला पता : मिंटू

कटरा के मिंटू ने बताया कि बिहार के लिए चलाई गई कटरा स्पेशल ट्रेन अंबाला से होकर जानी थी। लेकिन, आग की घटना के बाद उसे डायवर्ट कर दिया गया। जिस कारण वह स्टेशन पर ही इंतजार करते रहे

कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की घटना के तुरंत बाद राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। चार बजकर 40 मिनट पर ही रेल लाइन को बहाल कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों के लिए दो स्पेशल ट्रेनें भेजी गईं। – विनोद भाटिया, डीआरएम।

Share