Technology

108MP कैमरा, 7700mAh बैटरी वाला फोन लाया ऑनर,ऊंचाई से गिरने पर भी नहीं टूटेगा

108MP कैमरा, 7700mAh बैटरी वाला फोन लाया ऑनर,ऊंचाई से गिरने पर भी नहीं टूटेगा

honor ने चुपचाप अपनी X-सीरीज में नया स्मार्टफोन जोड़ा है, जिसका नाम ‘Honor X8e’ है। कंपनी का कहना है कि इस फोन को खासतौर से ऐसे यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो लंबी बैटरी लाइफ और मजबूती बॉडी चाहते हैं।

यह फोन रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बेहतरीन ड्यूरेबिलिटी देता है। दरअसल, इस फोन में 7700mAh की बड़ी बैटरी है। धूल और पानी से सुरक्षित रहने के लिए यह फोन IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ आता है। कंपनी दावा कर रही है कि फोन अचानक गिरने पर नहीं टूटेगा और पानी में भी खराब नहीं होगा। इसमें ढेर सारे AI फीचर्स का सपोर्ट भी मिलता है। कितनी है इस फोन की कीमत और इसमें क्या-क्या खास मिलता है, चलिए बताते हैं…

चलिए एक नजर डालते हैं Honor X8e 4G की खासियत पर:

बड़ा डिस्प्ले और हैवी रैम भी

नए ऑनर X8e 4G में 6.87 इंच की टीएफटी एलसीडी स्क्रीन है, जिसमें 1592×720 पिक्सेल रिजॉल्यूशन, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 1020 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है। यह फोन Android 16 पर बेस्ड मैजिकओएस 10 पर चलता है और इसमें एड्रेनो 610 जीपीयू के साथ क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 685 प्रोसेसर दिया गया है। इस फोन में 6GB रैम और 256GB स्टोरेज है। साथ ही, इसमें ‘रैम टर्बो’ तकनीक का सपोर्ट भी मिलता है।

कैमरा और बैटर भी दमदार

फोटोग्राफी के लिए, फोन में पीछे की तरफ 108 मेगापिक्सेल का मेन रियर कैमरा और एक सेकेंडरी लेंस है। यह 1080p क्वालिटी में वीडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम है और 8x डिजिटल जूम प्रदान करता है। फोन में सेल्फी के लिए 5 मेगापिक्सेल फ्रंट कैमरा है। इस फोन में 7700mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W ऑनर सुपरचार्ज वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

यह 4G फोन है और इसमें वाई-फाई 5 और ब्लूटूथ 4.2 का सपोर्ट भी मिलता है। फोन में एनएफसी सपोर्ट और डुअल नैनो सिम का सपोर्ट भी मिलता है। फोन में एआई इमेज से वीडियो 2.0 टूल तक तेजी से पहुंच के लिए एआई बटन भी दिया गया है।

धूल और पानी में भी बेअसर

यह फोन धूल और पानी से सुरक्षित रहने के लिए IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ आता है। ऑनर का यह भी दावा है कि यह फोन 2.5 मीटर की ऊंचाई से गिरने पर भी सुरक्षित रह सकता है और इसे SGS प्रीमियम परफॉर्मेंस सर्टिफिकेशन भी मिला है। 218 ग्राम वजनी इस फोन का डाइमेंशन 168.3×78.54×8.3 एमएम है।

कीमत

ऑनर X8e को सनराइज ऑरेंज, डेजर्ट गोल्ड और वेलवेट ब्लैक जैसे कलर्स में लॉन्च किया गया है। यह फोन ऑनर की अजरबैजान वेबसाइट पर देखा गया है, जबकि स्थानीय रिटेलर्स ने इसके 6GB+256GB वेरिएंट को AZN 688 (लगभग 38,000 रुपये) से लेकर AZN 820 (लगभग 46,000 रुपये) की कीमत पर लिस्ट किया है।

Share