Post Office Diwali Bonus : खाते में आएंगे ₹13,816, इन कर्मचारियों की हुई मौज
केंद्र सरकार ने रेलवे के बाद अब डाक विभाग के कर्मचारियों को तोहफा दिया है. सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए डाक कर्मचारियों के परफॉर्मेंस लिंक्ड बोनस (PLB) का ऐलान कर दिया है.
संचार मंत्रालय के डाक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को 60 दिन यानी पूरे दो महीने के वेतन के बराबर बोनस दिया जाएगा.
अब सरकार ने डाक विभाग के ग्रुप ‘सी’, नॉन-गजेटेड ग्रुप ‘बी’ और MTS कर्मचारियों, गांव-देहात में काम करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों, फुल टाइम और अस्थाई कैजुअल लेबरर्स के को दो महीने की सैलरी के बराबर बोनस देने का ऐलान किया है.ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) के बोनस की गणना उनके टीआरसीए और महंगाई भत्ते के आधार पर होगी. इसमें भी अधिकतम सीमा 7,000 रुपये ही रहेगी. पूरे साल काम न करने वाले पात्र कर्मचारियों को आनुपातिक आधार पर बोनस मिलेगा.
कितना मिलेगा बोनस
बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा ₹7,000 प्रति माह तय की गई है. इसका मतलब यह है कि यदि किसी कर्मचारी का मूल वेतन (बेसिक पे) और भत्ते मिलाकर ₹7,000 से अधिक भी हैं, तब भी बोनस ₹7,000 सैलरी मानकर ही दिया जाएगा. बोनस निकालने का फॉर्मूला है-
बोनस = (औसत सैलरी × 60 दिन) ÷ 30.4
यहां 30.4 को महीने के औसत दिन माना गया है. इस हिसाब से एक दिन की कमाई 230.26 रुपये (7000÷ 30.4) होगी. इस फॉर्मूले के तहत पात्र कर्मचारियों के बैंक खातों में अधिकतम ₹13,816 का बोनस ट्रांसफर किया जाएगा.
क्या पार्ट-टाइम डाक सेवकों को मिलेगा बोनस
सरकार द्वारा घोषित बोनस किसी की जगह पर पार्ट टाइम काम करने वाले कर्मचारी को नहीं दिया जाएगा. अगर कोई डाक सेवक साल के बीच में भर्ती हुआ है या बीच में ही नौकरी छोड़ी है, तो उसे सिर्फ उतने ही महीनों का बोनस मिलेगा जितने महीने उसने काम किया है.जो कर्मचारी 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच रिटायर हुए हैं, जिन्होंने इस्तीफा दिया है या जिनका दूसरे विभाग में ट्रांसफर हुआ है, उन्हें भी उनके काम किए गए दिनों के हिसाब से बोनस का पैसा मिलेगा.

